फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आप का रोड शो: अरविंद केजरीवाल बोले- दिल्ली और पंजाब में भ्रष्टाचार मिटाया, अब हिमाचल की बारी

Wed, 06 Apr 2022 07:29 PM IST
अरविन्द ठाकुर संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी

सार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 20 दिन में पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म हो गया। यकीन नहीं होता तो वहां अपने रिश्तेरदारों से पूछो। कोई रिश्वत नहीं मांगता। जो पैसा खाएगा, सीधा जेल जाएगा। अब हिमाचल में भ्रष्टाचार खत्म होगा।
विज्ञापन
रोड शो में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने तिरंगा यात्रा निकाल कर प्रदेश में चुनावी हुंकार भरी। प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान रोड शो के लिए तैयार विशेष ट्रक पर खड़े हुए और उनका काफिला न्यू विक्टोरिया पुल से ऐतिहासिक सेरी मंच पर पहुंचा। सेरी मंच से अरविंद केजरीवाल ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली और पंजाब में आप ने सरकार बनाकर भ्रष्टाचार मिटा दिया है। अब हिमाचल की बारी है।

विज्ञापन


 केजरीवाल ने कहा, पंजाब में आप की सरकार आए मात्र 20 दिन हुए हैं और भ्रष्टाचार खत्म कर दिया गया। अगर यकीन नहीं आता तो यहां के लोग पंजाब में मौजूद अपने रिश्तेदारों से पूछ लें। वहां कोई रिश्वत नहीं लेता। किसी की हिम्मत नहीं है पैसे मांगने की। जो पैसा खाएगा, वह सीधा जेल जाएगा। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश की चाबी आपके हाथ में हैं। हिमाचल में आप की क्रांति आएगी और दिल्ली और पंजाब के रिकॉर्ड टूटेंगे।



करीब पांच मिनट तक चले संबोधन की शुरुआत उन्होंने, आप लोगों ने दिल खुश कर दिया कहकर की। कहा कि उम्मीद नहीं थी इतने दोस्तों से मुलाकात होगी। हम मामूली लोग हैं, हमें राजनीति करनी नहीं आती। हमें काम करना आता है, स्कूल खोलने आते हैं, बिजली-पानी सस्ता करना आता है, भ्रष्टाचार दूर करना आता है। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी रहे। हेलीकॉप्टर में दोनों सीएम करीब दो बजे मंडी के कांगणी हैलीपेड पर पहुंचे। एक घंटे के रोड शो के बाद करीब तीन बजे लौट गए। 
विज्ञापन


भाजपा-कांग्रेस ने हिमाचल में पांच-पांच साल की गुलामी दी: मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि छोटी काशी में आकर अपने जैसा ही लग रहा है। अंग्रेजों ने हमें 200 साल की गुलामी दी है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने हिमाचल में पांच-पांच साल की गुलामी दी। दिल्ली और पंजाब में भी ऐसा ही होता था। कांग्रेस और भाजपा वाले कह रहे हैं कि हिमाचल प्रदेश में तीसरी पार्टी नहीं आ सकती। इसका मतलब है कि आ सकती है, क्योंकि ऐसा वे डर के मारे कह रहे हैं। दोनों पार्टियों में परिवारवाद हावी है। आगे बेटे-बेटियों को ही टिकट दिया जाता है, लेकिन आम आदमी पार्टी आम लोगों को मौका देती है। अगर ऐसा न होता तो साधारण स्कूल मास्टर का बेटा भगवंत मान पंजाब का मुख्यमंत्री न बनता। मान ने भाजपा-कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए कहा कि ‘आप’ के  लिए आपका प्यार देखकर आज उन्हें नींद नहीं आएगी।






शांति भंग करने के आरोप में हिंदू जागरण मंच के प्रांत महामंत्री समेत 29 गिरफ्तार
मंडी के कांगणीधार हेलीपैड पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान का रास्ता रोकने और शांति भंग करने के आरोप में हिंदू जागरण मंच के प्रांत महामंत्री समेत 29 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सुबह करीब 11:30 बजे मंच के कार्यकर्ता हेलीपैड के पास पहुंचकर दोनों सीएम के लिए गो बैक के नारे लगा रहे थे। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। हालांकि गिरफ्तार कार्यकर्ता एसडीएम के पास पेश करने के बाद छोड़ दिए गए।

उक्त कार्यकर्ताओं का आरोप था कि केजरीवाल खालिस्तान समर्थक हैं और द कश्मीर फाइल्स फिल्म के विरोधी। हिंदू जागरण मंच के प्रांत महामंत्री कमल गौतम और देवसेना के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र राजपूत ने बताया कि जब तक केजरीवाल खालिस्तान का समर्थन और द कश्मीर फाइल्स फिल्म का विरोध करने पर सार्वजनिक मंच से माफी नहीं मांगते, उन्हें हिमाचल प्रदेश में प्रचार नहीं करने दिया जाएगा। उधर, इस बारे में एएसपी आशीष शर्मा ने कहा कि सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया था। एसडीएम के पास पेशी के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।

विज्ञापन

दोपहर तक ठंडा पड़ा सुबह का जोश, केजरीवाल-मान के आते ही फिर उत्साह

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के इंतजार में कार्यकर्ताओं का सुबह का जोश दोपहर होते-होते ठंडा पड़ता दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं की भीड़ सुबह से ही जुटना शुरू हो गई थी, लेकिन केजरीवाल और मान करीब तीन घंटे की देरी से रोड शो में पहुंचे। दोनों को सुबह 11 बजे पहुंचना था। दोनों करीब दो बजकर पांच मिनट पर पहुंचे।

हालांकि, दोनों के यहां पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में फिर से उत्साह भर गया। दोनों नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान पारंपरिक परिधानों और वाद्य यंत्रों के साथ समर्थक खूब झूमे। सेरी मंच पर नाटी का दौर भी चला। दोनों नेताओं का रोड शो विक्टोरिया पुल, मोती बाजार, चौहट्टा, गांधी चौक से होते हुए सेरी मंच पहुंचा। 

51 मिनट मंडी में रुके केजरीवाल, मान
रोड शो के दौरान दोनों नेता करीब 51 मिनट मंडी में रुके। संबोधन के बाद दोनों 2:56 पर लौट गए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें