वो मेरी मां के साथ गंदी हरकतें कर रहा था। मैंने उसे पकड़ लिया और गुस्से में आकर उसे मौत के घाट उतार दिया। फिर उसे घर से दूर ले जाकर मिट्टी में दबा दिया। हिमाचल के राजगढ़ में हुई फेरी वाले की हत्या में पुलिस के सामने कई और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। स्थानीय पुलिस ने द्राबला गांव में मिट्टी में दबाए गए सहारनपुर निवासी मतलूब की हत्या के मुख्य आरोपी रोहित को भी गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार युवक ने मतलूब की हत्या को कबूल कर लिया है। युवक ने कहा कि मतलूब खान उसकी मां के साथ अश्लील हरकत कर रहा था। इससे उसने तैश में आकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस बीते सोमवार सुबह रोहित की मां किरण तथा पिता कर्म सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। दंपत्ति से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने कबूल कर लिया कि उनके बेटे रोहित ने मतलूब की हत्या की है।