सीएम भजनलाल शर्मा गुरुवार को डीग जिले में नगर इलाके के सुंदरावली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पुलवामा में शहीद हुए जीतराम गुर्जर की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही एक बड़ी जनसभा को संबोधित की। इसके अलावा सीएम ने 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन सीकरी का लोकार्पण किया। इस दौरान गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेडम, पूर्व विधायक व भाजपा के नेता सहित आदि लोग मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा, सबसे पहले मैं शहीद जीतराम गुर्जर को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। जीतराम गुर्जर की प्रतिमा का अनावरण कर मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। क्योंकि उन्होंने इस देश के लिए और अपनी मातृभूमि के लिए खुद को समर्पित कर दिया। हमारा राजस्थान वीरों की धरती है, जिसे आन-बान-शान के लिए जाना जाता है। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में CRPF के काफिले पर हमला कर दिया, जिसमें हमारे देश के 40 जबांज शहीद हुए थे। उसमें से एक जीतराम गुर्जर भी थे, जिन्हें आज भी याद करते हैं तो आंखें नम हो जाती हैं। इस हमले के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से वादा किया था कि देशवासियों के इन आंसुओं का निश्चित रूप से बदला लेंगे, उन्होंने इस वादे को पूरा भी किया।
सीएम ने शहीदों को लेकर कांग्रेसियों पर बोला हमला
भारतीय वायु सेना ने 26 फरवरी 2019 को हमारी वायु सेना ने पकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद करने का काम किया। पाकिस्तान के सभी रडार सिस्टम को चकमा देकर हमला करना आसान नहीं था। लेकिन हमारी सेना ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए पाकिस्तान को सबक सिखाने का काम किया। यह काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ। देश की सुरक्षा में राजस्थान के वीर सबसे आगे रहते हैं। शहीद जीतराम गुर्जर भारत माता की रक्षा के लिए शहादत देकर अमर हो गए, जिस तरह से शहीद जीतराम ने खुद को मातृभूमि के लिए समर्पित कर दिया। दूसरी तरफ कांग्रेस ने शहीद जीतराम की वीरांगना और उनके परिवार के साथ बर्ताव किया। उससे पूरा प्रदेश और देश आहत हुआ था।
शहीदों के परिवार से बुरा बर्ताव का लोगों ने दिया जवाब
विधानसभा चुनावों से प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को संदेश दिया कि शहीदों की वीरांगना और उसके परिवार से बुरा बर्ताव करने वाले लोगों को माफ़ नहीं किया जाएगा। पहले शहीदों की क्या स्थिति होती थी। हमारी केंद्र की सरकार अटल बिहारी वाजपेई ने निर्णय लिया और शहीद को सम्मान देने का काम किया। उसके बाद हमारे नरेंद्र मोदी ने उसे आगे बढ़ाते हुए पैकेज देने का काम किया। क्योंकि उन जाबांजों ने देश की खातिर खुद को न्योछावर किया है। हमारे धर्म ग्रंथों में मातृ भूमि की सेवा सबसे बड़ा धर्म माना है। हमारी सरकार शहीद के परिवार को हर संभव मदद भी करेगी।
हमारी सरकार को 90 दिन काम करने का मौका मिला था। 90 दिन में हमने को काम किया, वह आपके सामने है। लोग किसानों के लिए वादा करते हैं। लेकिन हम किसानों की हित की बात करते हैं। जो हमने संकल्प पत्र में बात की है, उसे हम पूरा करेंगे। हमने किसानों की सम्मानिधि बढ़ाने का वादा किया था, जिसे छह से आठ हजार रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मूंडिया (करौली-टोडाभीम) दौरा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने अपना पूरा जीवन देश एवं समाज की सेवा में समर्पित किया। उनके जीवन से युवाओं को राष्ट्र को प्रथम मानकर देश-सेवा और सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरणा लेनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार समृद्ध एवं खुशहाल किसान की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मूंडिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कर्नल बैंसला के स्मरण में स्थानीय क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए उनके नाम से शैक्षणिक संस्थान खोलने पर राज्य सरकार विचार करेगी। शर्मा गुरुवार को टोाभीम के मूंडिया में स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम एवं विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवार में जन्मे बैंसला ने अपनी लगन एवं मेहनत से एक ऊंचा मुकाम हासिल किया। शिक्षक की नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने करीब तीन दशक तक भारतीय सेना में रहते हुए चीन एवं पाकिस्तान के खिलाफ युद्धों में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिब्राल्टर की चट्टान बैंसला ने सेना से सेवानिवृत्ति के बाद समाज में असमानता, अशिक्षा और पिछड़ेपन के खिलाफ लोगों को जागरुक किया। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल विवाह, शादियों में फिजूलखर्ची और दहेज-प्रथा जैसी कुरीतियों को खत्म करने में अहम योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन गंगापुर सिटी के पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने किया। दौलत बैंसला ने मुख्यमंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मूंडिया गांव स्थित ‘प्रेरणास्थल’ पर स्वर्गीय कर्नल बैंसला की प्रतिमा का अनावरण किया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह के दौरान गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, करौली के विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, पूर्व सांसद रंजीता कोली, विजय बैंसला, गंगापुर सिटी नगर परिषद के सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, मूंडिया की सरपंच सजन दीपक करेला, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सैनी, पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर, सवाई माधोपुर की पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में किसान व आमजन उपस्थित रहे।