बटाला में पंजाब पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच मुठभेड़।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पंजाब के बटाला के गांव कोटला बोझा सिंह में शनिवार सुबह एक गैंगस्टर और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी बटाला सतिंदर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर रणजोत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ 6 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सुबह उसके घर पर छापा मारा लेकिन वह वहां से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में वह घायल हो गया। उसके कब्जे से 2 पिस्टल बरामद हुए हैं। आरोपी ने पुलिस पर 25-30 राउंड फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी करीब 30-40 राउंड फायरिंग की। कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ। आगे की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गैंगस्टर रणजोत अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कार में अपने ससुराल जा रहा था। रास्ते में अम्मोंनगल की पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। पुलिस ने जब उक्त गैंगस्टर के हाथ में पिस्टल देखा तो उसका पीछा करना शुरू कर दिया। गैंगस्टर ने पुलिस पर फायरिंग की और रास्ते में पड़ते गांव कोटला बझा सिंह के गन्ने के खेतों में जा घुसा। बताया जा रहा है कि इस गैंगस्टर पर 307 और एनडीपीएस के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बुलेट प्रूफ गाड़ियां मंगवाई और एसएसपी बटाला ने गैंगस्टर को सरेंडर करने के लिए कहा। करीब 6 घंटे की घेराबंदी के बाद गैंगस्टर को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने गैंगस्टर की लोकेशन ट्रेस करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया था। दोनों तरफ से रूक-रूक कर फायरिंग होती रही। आईजी मुनीष चावला भी मौके पर पहुंचे। इस मुकाबले में बटाला पुलिस के साथ एसएसजी के जवान भी शामिल हुए। पुलिस के आला अधिकारियों ने पूरे गांव से अपील की थी कि जब तक वह इस गैंगस्टर को पकड़ नहीं लेती, कोई भी गांव से बाहर न निकले।