विधानसभा चुनाव में मुजफ्फरनगर जिले में सबसे ज्यादा पैसा चरथावल से भाजपा की प्रत्याशी सपना कश्यप ने खर्च किया है। खर्च करने में खतौली में विक्रम सैनी ने करतार भड़ाना को और मीरापुर में चंदन चौहान ने प्रशांत गुर्जर को पीछे छोड़ दिया है। सदर विधानसभा सीट पर कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने रालोद के सौरभ बंटी से ज्यादा खर्च किया है। बुढ़ाना में उमेश मलिक खर्च करने में सबसे आगे रहे।
विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने आठ फरवरी तक के खर्च का जो ब्योरा दिया है उसमें चरथावल से भाजपा प्रत्याशी सपना कश्यप सबसे ऊपर रही हैं। सपना ने चुनाव में अपना कुल खर्च 22 लाख सात हजार 682 दिखाया है। इनके मुकाबले सपा के पंकज मलिक 11 लाख 96 हजार 891 ही खर्च कर पाए हैं। बसपा के सलमान सईद ने 14 लाख 78 हजार 753 का खर्च दिखाया है। बुढ़ाना विधानसभा में खर्च करने में उमेश मलिक सबसे आगे रहे हैं, उन्होंने 14 लाख 19 हजार 302 का खर्च दिखाया है।