फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: हनुमान जन्मोत्सव आज; दो भारतीय छात्रों को नासा में सम्मान; इस साल सामान्य रहेंगें सब्जियों के दाम

Tue, 23 Apr 2024 07:39 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 11
बिग न्यूज - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

मंगलवार 23 अप्रैल यानी आज हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। हर साल चैत्र शुक्ल की पूर्णिमा तिथि को हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसके अलावा, लोकसभा चुनाव-2024 के लिए तमाम राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। चुनाव प्रचार के इसी क्रम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वहीं, नई दिल्ली और मुंबई के दो भारतीय छात्रों को मानव अन्वेषण रोवर चैलेंज के लिए अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी- नासा ने पुरस्कृत किया है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...

 

विज्ञापन

2 of 11
हनुमान मंदिर के बाहर लगी श्रद्धालुओं की कतार - फोटो : ANI

हनुमान मंदिरों में लगा भक्तों का तांता
मंगलवार 23 अप्रैल यानी आज हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। हर साल चैत्र शुक्ल की पूर्णिमा तिथि को हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाता है। राजधानी दिल्ली के मंदिरों में सुबह भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा हुए। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की पूजा अर्चना की। इस मौके पर बजरंगबली के जयकारों से मंदिर गूंज उठा। पढ़ें पूरी खबर

 

विज्ञापन

3 of 11
योगी आदित्यनाथ - फोटो : एएनआई

मेरठ में आज राजनीति के तीन दिग्गज
आज दो पूर्व और एक वर्तमान मुख्यमंत्री मंगलवार को मेरठ में होंगे। बसपा सुप्रीमो मायावती सुबह 11 बजे हापुड़ रोड पर जनसभा करेंगी तो सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दोपहर दो बजे सिवालखास विधानसभा के गांव हर्रा में बागपत लोकसभा सीट के प्रत्याशी के समर्थन में रैली करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शाम चार बजे शहर में रोड शो होगा। पढ़ें पूरी खबर

4 of 11
गृहमंत्री अमित शाह और पीएम मोदी। - फोटो : ANI

राजस्थान-छत्तीसगढ़ में पीएम की रैलियां
लोकसभा चुनाव-2024 के लिए तमाम राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। चुनाव प्रचार के इसी क्रम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री राजस्थान के टोंक-सवाई माधोपुर में जनसभा करेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और महासमुंद में प्रधानमंत्री दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पढ़ें पूरी खबर

विज्ञापन

5 of 11
मानव अन्वेषण रोवर चैलेंज - फोटो : ANI

दो भारतीयों को नासा ने किया सम्मानित 
नई दिल्ली और मुंबई के दो भारतीय छात्रों को मानव अन्वेषण रोवर चैलेंज के लिए अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी- नासा ने पुरस्कृत किया है। नासा के मुताबिक केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, दिल्ली-एनसीआर ने चैलेंज के क्रैश एंड बर्न श्रेणी में पुरस्कार जीता है। इसके अलावा, मुंबई के कनकिया इंटरनेशनल स्कूल को रूकी ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पढ़ें पूरी खबर

विज्ञापन

6 of 11
वायु सेना - फोटो : अमर उजाला

सेना और हथियार पर खर्च करने वाला भारत विश्व का चौथा सबसे बड़ा देश 
दुनिया में सेनाओं और हथियारों पर खर्च करने के मामले में भारत चौथा बड़ा देश है। कुल 10 देशों ने सैन्य हथियारों पर बेतहाशा खर्च किया है। इसमें अमेरिका शीर्ष पर है। स्वीडन के स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) ने सोमवार को जारी रिपोर्ट में इसका खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में इस वक्त हथियारों, गोला-बारूद और दूसरे सैन्य साजो-सामान पर विभिन्न देश जितना धन खर्च कर रहे हैं, उतना इससे पहले कभी नहीं हुआ। पढ़ें पूरी खबर

विज्ञापन

7 of 11
मुकेश दलाल। - फोटो : ANI

भाजपा प्रत्याशी मुकेश दलाल निर्विरोध जीते 
लोकसभा चुनाव के चार जून को नतीजे घोषित होने से पहले ही भाजपा का खाता खुल गया है। सूरत से कांग्रेस प्रत्याशी निलेश कुंभानी का परचा रद्द होने और बाकी 8 निर्दलीय उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद भाजपा प्रत्याशी मुकेश दलाल निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी के तीन प्रस्तावकों ने चुनाव आयोग से शिकायत कर नामांकन पत्र में जाली हस्ताक्षर के आरोप लगाए थे। यहां सात मई को मतदान होना था। सूरत सीट से दस उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। भाजपा प्रत्याशी दलाल ने भी प्रस्तावकों के जाली हस्ताक्षर की शिकायत की थी। चुनाव अधिकारी ने कुंभानी को प्रस्तावकों के साथ बुलाया था, पर वह पेश नहीं कर पाए। पढ़ें पूरी खबर

8 of 11
अलीपुर इलाके में घोषित बदमाश की गोली मारकर हत्या, पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली-NCR में बढ़ी गैंगवार की आशंका
बाहरी दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर को जितेंदर गोगी गिरोह के सदस्य नरेंदर उर्फ ढीला की दिनदहाड़े हत्या से कई सवाल खड़े हो गए है। माना जा रहा है कि टिल्लू ताजपुरिया गिरोह फिर से सक्रिय होने लगा है। ये बात भी सामने आई है कि मंडोली जेल में बंद हिम्मत उर्फ चीकू ने टिल्लू ताजपुरिया गिरोह की कमान संभाल ली है। वहीं, जितेंदर गोगी गिरोह भी टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के समय से ही सक्रिय है। खास बात ये है कि दोनों ही गिरोह जेलों के अंदर से चलाए जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर

9 of 11
अमेरिकी रिपोर्ट - फोटो : ANI

मानवाधिकार उल्लंघन पर रिपोर्ट
अमेरिका ने मंगलवार को एक रिपोर्ट जारी है, जिसमें पाकिस्तान के हालातों की पोल खुल गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान में मानवाधिकारों की दुर्गति हो रही है, जिनमें हत्याएं, अपहरण और मनमाने ढंग से हिरासत में रखने सहित अन्य मुद्दे शामिल हैं। हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ऐसे दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ शायद ही कभी कार्रवाई करे।  पढ़ें पूरी खबर

10 of 11
खुदरा महंगाई - फोटो : Agency

2024-25 में पांच साल के निचले स्तर पर आएगी खुदरा महंगाई
खुदरा महंगाई चालू वित्त वर्ष 2024-25 में घटकर पांच साल के निचले स्तर पर आ सकती है। सब्जियों की आपूर्ति और कीमतों के सामान्य रहने से खुदरा महंगाई के मोर्चे पर राहत मिलने की उम्मीद है। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकनॉमी (सीएमआईई) की रिपोर्ट के मुताबिक, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई 2024-25 में कम होकर 4.4 फीसदी पर आ सकती है। यह आरबीआई के 4.5 फीसदी के अनुमान से भी कम है। 2023-24 में सीपीआई महंगाई 5.4 फीसदी रही थी, जबकि 2019-20 में 4.8 फीसदी रही थी। पढ़ें पूरी खबर

विज्ञापन

11 of 11
नवाज शरीफ - फोटो : पीटाआई

नवाज शरीफ 'निजी यात्रा' पर चीन रवाना 
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ 'निजी यात्रा' पर चीन रवाना हुए हैं। खबरों के मुताबिक नवाज शरीफ पांच दिवसीय 'निजी यात्रा' पर सोमवार देर रात चीन के लिए रवाना हुए। शरीफ परिवार इस दौरे को गुप्त रख रहा है। उनके राजनीतिक दल- पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) के मुताबिक नवाज अपने पोते, जुनैद सफ़दर और निजी कर्मचारियों के साथ लाहौर हवाई अड्डे से रवाना हुए। चीनी दक्षिणी एयरलाइंस (Chinese Southern Airlines) के विमान से चीन रवाना हुए शरीफ की योजनाओं का खुलासा नहीं किया गया है। पढ़ें पूरी खबर

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें