फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुर्खियां: किसानों पर मौसम का कहर; पंजाब-UP कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन; एशियाड पदक तालिका में भारत की छलांग

Sat, 03 Oct 2026 06:02 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 12
देश-दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
महाराष्ट्र में मौसम की मार से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। फसल खराब होने से घर खर्च और बच्चों की पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, कहीं सूखे तो कहीं बारिश से फसलों पर असर पड़ा है और बिजली की समस्या भी परेशानी बढ़ा सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में सेब की पैदावार 40 फीसदी घटने से कीमतें बढ़ने की आशंका है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई अध्यक्ष आराधना मिश्र मोना की राजनीतिक पारी पर भी नजर रहेगी। वहीं, ओलंपियन से नेता बने परगट सिंह का राजनीतिक सफर भी चर्चा में है। खेलों में भारत ने एक दिन में छह स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। उधर, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान हुआ है। सीजेपी के प्रदर्शन में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत से भी सियासत गरमा गई है। अमेरिका में ट्रंप प्रशासन की बॉर्डर वॉल परियोजना पर कोर्ट ने रोक लगा दी है। मनोरंजन जगत में नुसरत भरूचा की देश वापसी की खबर है। वहीं, पुणे में सिप्ला के गोदाम का लाइसेंस रद्द होने से लेकर फ्रांस में छात्रों के प्रदर्शन और हुसैनीवाला बॉर्डर पर स्मार्ट मीटर की चिप चोरी तक एक क्लिक में पढ़ें देश-दुनिया की अहम खबरें।
विज्ञापन

2 of 12
महाराष्ट्र में किसानों पर सूखे की मार - फोटो : अमर उजाला प्रिंट-ग्राफिक्स
महाराष्ट्र के किसानों की अंतहीन पीड़ा: फसल से ही घर खर्च, बच्चों की पढ़ाई सबकुछ होनी थी; अब कुछ नहीं बचा
पिछले पांच वर्षों में धाराशिव के औसत भूजल स्तर में करीब 7.2 मीटर की गिरावट आई है। धाराशिव जिले की सभी आठ तहसील धाराशिव, तुलजापुर, कलंब, वाशी, भूम, परंडा, लोहारा और उमरगा सूखाग्रस्त घोषित हो चुका है।  धाराशिव जिले के करजखेड़ा के किसान सोपन भोसले खेत में सूखे सोयाबीन के पौधे उखाड़ रहे हैं। हाथ में पौधा है और सामने साढ़े चार एकड़ जमीन। इसी जमीन से परिवार की उम्मीदें जुड़ी हैं। पत्नी मंगल भोसले और बहू प्रतिभा के साथ खेत में खड़े बलिराम कहते हैं, सोयाबीन और गन्ने से होने वाली आमदनी से घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अगले मौसम की खेती का हिसाब जुड़ा हुआ था...अब कुछ नहीं बचा। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन

3 of 12
कम बारिश का झटका - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
मौसम की बेरुखी पड़ने वाली है भारी: फसलों पर कहीं सूखे की आफत तो कहीं बारिश की मार...बिजली भी कर सकती है परेशान
देश के कई राज्यों में बिजली संकट गहराता जा रहा है। अल नीनो के असर से कमजोर मानसून के बाद अब बिजली की मांग बढ़ गई है। मांग और आपूर्ति में पांच गुना तक का अंतर आ गया है। साथ ही कोयले की किल्लत से भी मुसीबत बढ़ रही है। आगामी रबी सीजन में जब कृषि क्षेत्र में सिंचाई के लिए मांग बढ़ेगी तो अनेक राज्यों में बिजली को लेकर हाहाकार मचना तय है। पढ़ें पूरी खबर 

4 of 12
प्रतीक चित्र - फोटो : अमर उजाला
महंगा पड़ेगा सेब: इस बार 40 फीसदी कम हुई पैदावार, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में खेती पर मौसम की मार
सेब इस बार महंगा बिकेगा। देश के दो शीर्ष उत्पादक राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सेब की पैदावार तेजी से घटी है। हिमाचल में पिछले साल के 4.07 लाख टन के मुकाबले इस साल सिर्फ 3.87 लाख टन सेब बाजार में पहुंचा है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में हालत और खराब है, जहां उत्पादन 40 फीसदी तक घटा है। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन

5 of 12
यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कौन हैं आराधना मिश्र मोना: बनाई गईं यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष, नौ चुनाव जीत चुके इस 'अजेय नेता' की हैं बेटी
अगले साल की शुरुआत में अलग-अलग राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल अभी से गर्म है। इस बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने अजय राय को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाकर अब आराधना मिश्र उर्फ मोना को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष पद सौंपा है। इस बड़े बदलाव को कांग्रेस की विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एक अहम कदम माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर 

कौन हैं परगट सिंह?: अकाली दल से शुरू हुई सियासी पारी, ओलंपियन से नेता बनने तक का सफर; पूरी राजनीतिक कहानी
भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी से लेकर पंजाब की सियासत में अपनी पहचान बनाने तक, परगट सिंह का सफर कई पड़ावों से होकर गुजरा है। ओलंपियन परगट 2012 में अकाली दल के टिकट पर चुनाव जीतकर राजनीति में आए, 2017 में कांग्रेस में शामिल हुए और जालंधर कैंट से लगातार तीन बार विधायक चुने गए। अब कांग्रेस ने उन्हें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी है। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन

6 of 12
एशियन गेम्स 2026 - फोटो : ANI/PTI/IANS
भारत का सुनहरा दिन: आज जीते कुल छह स्वर्ण पदक, तालिका में शीर्ष-पांच में; महिला हॉकी टीम का ऐतिहासिक प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 का 13वां दिन भारत के लिए बेहद शानदार और ऐतिहासिक रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य समेत कुल 10 पदक अपने नाम किए। भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता और 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक का टिकट भी पक्का किया। कुश्ती में सुजीत कलकल ने 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में 2-9 से पिछड़ने के बाद 10-9 की अविश्वसनीय जीत के साथ सोना जीता। बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा, लवलीना बोरगोहेन और अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गोल्डन हैट्रिक दिलाई। तीरंदाजी में महिला रिकर्व टीम ने पहली बार स्वर्ण जीता, जबकि धीरज बोम्मादेवरा-कुमकुम और पुरुष रिकर्व टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। सेलिंग और सेपकटकरा में भी भारत को कांस्य मिला। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन

7 of 12
अभिजीत दीपके, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: दीपके बोले- 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर जुटेंगे, पुलिस की सख्ती पर क्या कहा?
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने एक बड़े विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। यह प्रदर्शन 10 अक्तूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित किया जाएगा। दीपके ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो यह आंदोलन होगा। पढ़ें पूरी खबर 

CJP Protest Live: सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; राउत ने ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर किया जा रहा था। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया था। पढ़ें पूरी खबर 

8 of 12
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : ANI
ट्रंप प्रशासन को झटका: टेक्सास में बॉर्डर वॉल परियोजना पर कोर्ट ने लगाई रोक; फैसले से किसे मिली राहत?
टेक्सास की संघीय अदालत ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया। इसमें डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को राज्य के बिग बेंड इलाके में बॉर्डर वॉल (अमेरिका-मैक्सिको सीमा पर बनाई जा रही दीवार) और दूसरी बुनियादी सुविधाएं बनाने से फिलहाल रोक दिया गया है। यह फैसला इस इलाके के जमीन मालिकों, कारोबारियों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी जीत है। ये सभी प्रस्तावित निर्माण परियोजनाओं का विरोध कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर 

9 of 12
नुसरत भरूचा - फोटो : अमर उजाला
नुसरत भरूचा: देश लौटीं अभिनेत्री, स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाते दिखा परिवार; बाली में हुआ था हादसा; देखें वीडियो
अभिनेत्री नुसरत भरूचा की टीम ने शुक्रवार को जानकारी दी थी कि बाली में हुए हादसे में उन्हें रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। अब अभिनेत्री का मुंबई में स्पाइन सर्जरी होनी है। इससे पहले नुसरत का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक्ट्रेस स्ट्रेचर पर नजर आईं। पढ़ें पूरी खबर 

10 of 12
महाराष्ट्र एफडीए ने सिप्ला पर की बड़ी कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
एक्शन में तुकाराम मुंढे: एफडीए ने पुणे में सिप्ला के गोदाम का लाइसेंस किया रद्द, कंपनी ने फैसले पर क्या कहा?
महाराष्ट्र में दवा कंपनी सिप्ला के पुणे स्थित एक गोदाम पर बड़ी कार्रवाई हुई है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने वाडकी स्थित सिप्ला फार्मा एंड लाइफ साइंसेज लिमिटेड के कैरिंग एंड फॉरवर्डिंग गोदाम के दवा बिक्री और वितरण लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। एफडीए ने यह कदम कथित नियमों के उल्लंघन को लेकर उठाया है। वहीं कंपनी ने इस फैसले को निराशाजनक बताया है। सिप्ला ने कहा है कि उसका गोदाम दवा भंडारण और वितरण से जुड़े नियमों का पालन करता है। पढ़ें पूरी खबर 

11 of 12
फ्रांस में हिंसा - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
फ्रांस में छात्रों का उग्र प्रदर्शन: स्कूलों के गेट पर आगजनी; 170 घायल, 400 हाईस्कूलों पर ताले की नौबत क्यों?
फ्रांस में स्कूलों की खराब स्थिति को लेकर छात्रों का गुस्सा बढ़ गया है। छात्र सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को कई जगह स्कूलों के गेट बंद कर दिए गए। कुछ जगह आगजनी हुई। पुलिस के साथ छात्रों की झड़पें भी हुईं। यह आंदोलन पिछले सप्ताह पेरिस से शुरू हुआ था। अब यह देश के दूसरे हिस्सों में भी फैल गया है। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन

12 of 12
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
हुसैनीवाला बॉर्डर: स्मार्ट मीटरों की चिप चोरी से सरहद पर बढ़ी चिंता, आशंकाओं के बीच पाकिस्तान कनेक्शन की जांच
भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे फिरोजपुर के गांवों में स्मार्ट बिजली मीटरों से सिम कार्ड यानी कम्युनिकेशन चिप चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जांच इस एंगल से की जा रही है कि कहीं चोरी की जा रही चिप का इस्तेमाल सीमा पार बैठे तस्करों या पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क तक संपर्क और तकनीकी गतिविधियों के लिए तो नहीं किया जा रहा। हालांकि, सुरक्षा एजेंसी ने चोरी की चिप को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से सीधे जोड़ने की पुष्टि नहीं की है। पढ़ें पूरी खबर 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें