विज्ञापन

आज का शब्द: ठिठोली और शशि पाधा की कविता- दीवानों की बस्ती में

काव्य डेस्क

Aaj Ka Shabd
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- ठिठोली, जिसका अर्थ है- हास-परिहास, ऐसी बात जो किसी की हँसी उड़ाने के लिए कही गई हो। प्रस्तुत है शशि पाधा की कविता- दीवानों की बस्ती में 

हंसी ठिठोली, चुहल चुटकुले
दीवानों की बस्ती में
दिन तो बीते उत्सव मेले
रातें मौज परस्ती में।

उलझन की ना खड़ी दीवारें
ना कोई खाई रिश्तों में
मोल भाव ना मुस्कानों का
ले लो जितना किश्तों में
खुले हाथ बिकती हैं खुशियाँ
भर लो झोली सस्ती में।

चैन की बंसी, गीत गुनगुने
माथे पर ना शिकन कहीं
अभिमानों के महल कहीं न
साहु- सेठ का विघ्न नहीं
सुख़-दुःख दोनों खेला करते
धूप –छाँव की मस्ती में।
विज्ञापन

मन तो रहता खुली तिजोरी
ताला चाबी रोग नहीं
रूखी सूखी बने रसोई
हाँडी छप्पन भोग नहीं
चार धाम खुद आन बसे हैं
सब की घर गृहस्थी में।

ताम झाम सब धरे ताक पे
किया वही जो लगा सही
झूठ कपट का कवच न पहना
खरी –खरी ही सदा कही
न नेता न चपल चाकरी
समदर्शी हर हस्ती में।
4 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all