नवांकुर का अर्थ है- नया अंकुर या कल्ला। अमर उजाला 'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- नवांकुर। प्रस्तुत है कविता भट्ट की कविता- संग तुम्हारा, स्पर्श तुम्हारा अधर पर !
तुम्हारी स्मृतियों का आलम्बन लिए,
गर्वित हो चलती हूँ जीवन पथ पर
तुम ही तो हो-जिसने चुन डाले,
अपनी पलकों से मेरी राहों के कंकर
निज स्वार्थ से विमुख विलग है !
विज्ञापन
आलंबन में लिए- तृष्णा मिटाते निर्झर
तुम ही तो हो जो बिना शर्त के
पोषित करते हो स्वप्नों के #नवांकुर
शिथिल कभी गतिशील कभी
प्रफुल्ल कभी उन्माद के कभी स्वर
मधुमास के आते ही जैसे-
सुगंध की रट लिए होंठों पर निरंतर
तुम ही तो हो जिसने मृत देह में
जीवन प्राण फूँके प्रतिपल आकर
अंतिम संध्या जीवन की जब होवे,
और शेष नहीं होगा कोई भी प्रहर।
अंतस् में पवित्र कामना ये ही रहेगी,
संग तुम्हारा, स्पर्श तुम्हारा अधर पर !