हिंदी हैं हम शब्द-श्रृंखला में आज का शब्द है कृष्ण जिसका अर्थ है 1. वसुदेव और देवकी के पुत्र जिन्हें विष्णु का अवतार माना जाता है 2. परब्रह्म 3. काला रंग 4. चंद्र मास का अंधेरा पक्ष। कवि राजेश चड्ढा ने अपनी कविता में इस शब्द का प्रयोग किया है।
फिर कोई कृष्ण सा ग्वाला हो,
फिर मीरा फिर प्याला हो।
फिर चिड़िया कोई खेत चुगे,
फिर नानक रखवाला हो।
फिर सधे पांव कोई घर छोड़ें,
फिर रस्ता गौतम वाला हो।
फिर मरियम की कोख भरे,
फिर सूली चढ़ने वाला हो।
हम घर छोड़ें या फूंक भी दें,
जब साथ कबीरा वाला हो।