विज्ञापन

आज का शब्द: चुभन और सोम ठाकुर की कविता- जाओ, पर संध्या के संग लौट आना तुम

काव्य डेस्क

Aaj Ka Shabd
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- चुभन, जिसका अर्थ है- चुभने की अवस्था या भाव, कोई चीज चुभने से होने वाली पीड़ा, कष्ट या पीड़ा देने वाली बात। प्रस्तुत है सोम ठाकुर की कविता- जाओ, पर संध्या के संग लौट आना तुम 

जाओ, पर संध्या के संग लौट आना तुम
चाँद की किरन निहारते न बीत जाय रात

कैसे बतलाऊँ इस अंधियारी कुटिया में
कितना सूनापन है
कैसे समझाऊँ, इन हल्की सी साँसों का
कितना भारी मन है
कौन सहारा देगा दर्द -दाह में बोलो
जाओ पर आँसू के संग लौट आना तुम
याद के चरन पखरते न बीत जाय रात

हर न सकी मेरे हारे तन की तपन कभी
घन की ठंडी छाया
काँटों के हार मुझे पहना के चली गई
मधुऋतु वाली माया
जी न सकेगा जीवन बीधे-बीधे अंगों में
जाओ पर पतझर के संग लौट आना तुम
शूल की चुभन दुलारते न बीत जाय रात
विज्ञापन

धूल भरे मौसम में बाज न सकेगी कल तक
गीतों पर शहनाई
दुपहरिया बीत चली, रह न सकेगी कल तक
बालों में कजराई
देर नही करना तुम गिनी -चुनी घड़ियाँ हैं
जाओ पर सपनों के संग लौट आना तुम
भीगते नयन उघार्ते न बीत जाय रात
मेरी डगमग नैया डूबते किनारों से
दुख ने ही बाँधी है
मेरी आशा वादी नगरी की सीमा पर
आज चड़ी आँधी है
बह न जाए जीवन का आँचल इन लहरों में
जाओ, पर पुरवा के संग लौट आना तुम
सेज की शिकन संवारते न बीत जाय रात
3 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all