विज्ञापन

आज का शब्द: अभ्यास और मैथिलीशरण गुप्त की रचना- अरे, ओ अब्दों का इतिहास!

काव्य डेस्क

Aaj Ka Shabd
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  

'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- अभ्यास, जिसका अर्थ है- पारंगत या निपुण होने के लिए किसी काम को बार बार करना, आदत, स्वभाव। प्रस्तुत है मैथिलीशरण गुप्त की कविता- अरे, ओ अब्दों का इतिहास!

अरे, ओ अब्दों का इतिहास!
कह, तू किन शब्दों में देगा युग-युग का आभास?

देख इधर, वह विष ही पीते,
हमें यहाँ कितने दिन बीते,
फिर भी अमृतपत्र हम जीते
जिए आत्म-विश्वास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

पुण्य-भूमि के इस अंचल में,
सिंधु और सरयु के जल में,
गंगा-यमुना के कल-कल में,
अगणित वीचि-विलास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

मंत्रों का दर्शन, अवतारण,
और दर्शनों का ध्रुव-धारण,
वह उपनिषदों का उच्चारण,
योगों का अभ्यास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

विज्ञापन

आत्म-रूप का वह उजियाला,
त्याग, याग, तप की वह ज्वाला,
पावन पवन तपोवन वाला,
वह विकाश, वह ह्रास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

कब की थी वह संचित माया,
जो पसार कर अपनी काया,
पाकर राम-राज्य की छाया,
करती थी सुख-वास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

बजी चैन की वंशी निर्भय,
आया कलि के आगे अविनय,
फिर भी धर्मराज का जय जय,
छाया वह उछ्वास!
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

हम उजड़ों ने भी बढ़-बढ़ कर,
पार उतर ऊपर चढ़-चढ़ कर,
देश बसाए हैं गढ़-गढ़ कर,
तब भी बिना प्रयास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

संघ-शरण लेकर सुखदाई,
फिर भी यहाँ शांति फिर आई,
गूँज गिरा गौतम की छाई,
फिर नव भव-विन्यास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

उदासीनता की दोपहरी,
श्रांतिमयी निद्रा थी गहरी,
तब भी जाग रहे थे प्रहरी,
कर न सका कुछ त्रास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

सहसा एक स्वप्न-सा आया,
वह क्या-क्या उत्पात न लाया,
जागे तो यह बंधन पाया,
हुआ हाय खग्रास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

किंतु निराश न होना भाई,
इसमें भी कुछ भरी भलाई,
तुमने मोहन की मति पाई,
उठने दो उल्लास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!

निज बंधन भी विफल न जावे,
विश्व एक नूतन बल पावे,
बंधु-भाव में वैर बिलावे,
अनुपम ये दिन-मास।
अरे, ओ अब्दों के इतिहास!
3 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11257 कविताएं

View Profile

Soni Gupta

71 कविताएं

View Profile