कभी रुकना नहीं
कभी रुकना नहीं थक कर कभी बैठना नहीं,
चलते रहना ही ज़िंदगी है कभी भूलना नहीं।
मुसलसल बढ़ते रहना मंज़िल की जानिब,
सामने आएं मुश्किलात तो कभी डरना नहीं।
टिकाए रखना नज़र मंज़िल-ए-मक़्सूद पर,
डटे रहना अपने मुहिम पर कभी डिगना नहीं।
अपने हौसलों का हाथ थामे चलते ही रहना,
रुकते कारवाँ के साथ तुम कभी रुकना नहीं।
पेश आएंगे लुभावने मंज़र भी हर मक़ाम पे,
इनके बहकावे में आकर कभी बहकना नहीं।
- शैलेन्द्र भटनागर "शील "