विज्ञापन

विरह की वेदना देख, श्याम ने धरा पुनः रूप

Saurabh Joshi

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            शरद की चंद्रिका है, प्रणय का प्रसंग लिए,
        
                                                    
                            
ऐसी बेला प्रेम और, मिलन दिखाती है।
वृंदा की लताओं में है, अद्भुत तरंग भरी,
शशि की ये चंद्रिका भी, देख के लजाती है।

त्रिभंगी की मूरत है, कर में है वेणु सोहे,
अधरों से मधुर वो, तान छेड़ जाते हैं।
गोपियों का चित्त भी ये, व्याकुल-सा कर जाती,
लोक-लाज त्याग गोपी, दौड़ी चली आती हैं।

शंभु भी न रोक पाए, गोपी वेश धर आए,
प्रणय की ये दिव्य-भव्य, बेला आज आई है।
राधा की अनुज्ञा लेके, श्याम नृत्य करें संग,
कैसी अलौकिक छटा, वृंदावन छाई है।

रास में बढ़ा प्रमोद, मन में अभिमान जागा,
श्याम त्याग रास को ही, राधा संग जाते हैं।
गोपियों की दशा ऐसी, पूछें लता-विटपों से,
श्याम के वियोग में वो, सुध भूल जाते हैं।

ऐसी व्यथा देख राधा, मान कर बैठीं आज,
श्याम को भी त्याग वो तो, सखियों संग जाती हैं।
मृदुल हृदय राधा, पीड़ा स्वयं सहती हैं,
सखियों के मन को, धीरज दिलाती हैं।

विरह की वेदना देख, श्याम ने धरा पुनः रूप,
प्रणय की ये बेला अब, और भी सुहाती है।
प्रेम की ये लीला देख, मन में उल्लास जागा,
कैसी अद्भुत लीला, श्याम ने रचाई है।
22 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

48 कविताएं

View Profile