चैनल की अदला-बदली
मस्त राम ने रिमोट उठाकर, बड़ी अदा से फ़रमाया,
"आज 'बक-बक चैनल' बंद करो, कुछ नया है मन में आया।
छोड़ो ये शोर-शराबा, आज कोई 'मूवी' लगाते हैं,
चलो बैठो पास, साथ मिलकर कुछ वक़्त बिताते हैं।"
राम प्यारी ने भौंहे तानीं, शक की नज़र घुमाई,
सवाल दागा— "क्यों जी? आज ये कैसी अक्ल आई?"
मस्त राम मुस्कुराए और बोले— "बस यूं ही आज मूड बना है,
रोज़-रोज़ की ख़बरों से अब तो दिल भी उकता गया है।"
प्यारी ने पलटवार किया, लहज़े में थी सख़्ती,
बोलीं— "तो?" और नज़रें ऐसी गड़ाईं, जैसे कोई हस्ती!
बस, इस एक "तो?" के आगे सारी फ़िल्में ढेर हो गईं,
रोमांस की वो सारी बातें, पल भर में अंधेर हो गईं।
संवाद वहीं ख़त्म हुआ, सन्नाटा सा छा गया,
मस्त राम का 'मूवी मूड', वापस 'बक-बक चैनल' पर आ गया!
-रमेश मेंदीरत्ता