विज्ञापन

मत झुकना, मैं तुम्हारा मान बन जाऊंगा

Ramesh Kumar bhuriya patel

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            मत झुकना, मैं तुम्हारा मान बन जाऊंगा
        
                                                    
                            

तुम कहती हो कि झुकने से बेहतर,
बिछुड़ जाना स्वीकार करूँगी,
मैं कहता हूँ, तुम्हारी ख़ातिर हर अभिमान तिरोहित कर दूँगा।

तुम अडिग रहना अपने स्वाभिमान पर,
मैं विनम्रता अपनाऊँगा,
तुम रूठकर भी दूर न जाना,
मैं सौ बार मनाऊँगा।

तुम्हारी ज़िद के सम्मुख भी,
अपना धैर्य नहीं खोऊँगा,
तुम एक कदम भी मत झुकना,
मैं सौ कदम चलकर आऊँगा।

मुझे जीत की अभिलाषा नहीं,
बस तुम्हारा साथ चाहिए,
मुझे तर्कों में विजय नहीं,
तुम्हारे प्रेम का विश्वास चाहिए।

मैं हार भी जाऊँ तुमसे तो,
इसे अपनी हार न मानूँगा,
तुम्हारी मुस्कान की ख़ातिर,
हर शिकवा कुर्बान कर दूँगा।

तुम मान बनाए रखना अपना,
मैं अपना मान भुलाऊँगा,
तुम रूठने का मान रखना,
मैं मनाने का मान निभाऊँगा।

न झुकना तुम्हारी जीत होगी,
झुकना मेरी जीत होगी,
प्रेम की इस परिभाषा में,
बस समर्पण की प्रीत होगी।

तुम प्रेम की वर्षा करती रहना,
मैं सावन बन जाऊँगा,
तुम दीपक बनकर जलती रहना,
मैं बाती बन जल जाऊँगा।

तुम्हारे बिना मेरा प्रत्येक उत्सव,
वीरान-सा त्योहार लगे,
तुम साथ रहो तो पतझड़ में भी,
मधुमास का संसार लगे।

मैं झुकूँ तो उसे पराजय नहीं,
प्रेम का समर्पण समझना,
मेरी विनम्रता को विवशता नहीं,
हृदय का अर्पण समझना।

न कोई शर्त रखूँगा तुमसे,
न प्रेम का व्यापार करूँगा,
तुम बस साथ निभाती रहना,
मैं उम्रभर तुमसे प्यार करूँगा।

तुम स्वाभिमान से जीती रहना,
मैं तुम्हारा अभिमान बनूँगा,
तुम कभी झुकना मत प्रिये,
मैं आजीवन तुम्हारा मान बनूँगा।

 
3 घंटे पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

49 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7736 कविताएं

View Profile