विज्ञापन

नहीं कोई वरदान तुझे पार लगाएगा,तेरा पुरुषार्थ ही तेरा ध्वज फहराएगा।

PRINCE UPADHYAY

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            समर शेष है, हुंकार शेष है,
        
                                                    
                            
अभी भुजाओं में प्रहार शेष है।
अभी तो केवल शंखनाद हुआ है,
अभी विजय का उद्घोष शेष है।

सैनिकों के पदचाप से धरा काँप उठी,
रणभेरी की ध्वनि से दिशाएँ जाग उठीं,
अरुणिम आभा क्षितिज पर मुस्कुरा रही,
रजनी अपनी चादर समेटे जा रही।

चंद्रमा भी तारकों की सभा छोड़ चला,
सूर्य स्वर्णिम रथ पर आरूढ़ हो चला,
मेघों की गर्जना में ओज भरने लगा,
वन का प्रत्येक पर्ण भी स्वर करने लगा।

पुष्पों ने धूलि पर अपना शीश रख दिया,
धरा ने वीरों के स्वागत में आँचल बिछा दिया,
प्रकृति का कण-कण आज पुकारने लगा,
सोया हुआ पुरुषार्थ अब हुंकारने लगा।

उठ! कि तेरे सम्मुख अभी विस्तार शेष है,
तेरे पराक्रम का अभी संसार शेष है।
क्यों देखता है राह किसी चमत्कार की,
तेरे ही संकल्प में आधार शेष है।

नहीं पूछता मैं राहों से उनकी कठिनाई,
नहीं माँगता किसी से विजय की दुहाई,
मेरे पौरुष की अपनी एक पहचान होगी,
मेरे श्रम की ही मेरी जयगाथा में हुंकार होगी।

ललाट पर स्वेद ( पसीना )की उज्ज्वल आभा होगी,
भुजाओं में वज्र-सी दृढ़ता समाई होगी,
पग-पग पर अवरोध यदि अट्टहास करेंगे,
हम अपने धैर्य से उनके अट्टहास का अभिमान हरेंगे।
विघ्नों के घनघोर मेघ यदि नभ पर छा जाएँगे,
हम तेजपुंज बनकर उनके वक्ष चीर जाएँगे।

मैं वज्र-संकल्प का उद्घोष लेकर चला हूँ,
अपने ही अंतर्मन का तेज लेकर चला हूँ,
न झंझावातों (तेज आंधी)से मेरा पथ विचलित होगा,
न दुर्गम शिखरों से मेरा प्रण पराजित होगा।

मैं धूलि नहीं, धूलि से उठता हुआ तूफान हूँ,
मैं मौन नहीं, युग-युग की गूँजता ऐलान हूँ।
मैं भाग्य के लेखों का अनुगामी नहीं,
अपने पुरुषार्थ से गढ़ता एक नया विधान हूँ।

जो पर्वत बनकर पथ में अडिग खड़े मिलेंगे,
वे मेरे पगों के नीचे मार्ग बनेंगे,
जो वज्रपात बनकर मुझ पर टूट पड़ेंगे,
वे मेरे धैर्य के सम्मुख स्वयं झुकेंगे।

मेरी दृष्टि में स्वप्नों का आकाश होगा,
मेरे हृदय में अटल विश्वास होगा,
मेरे पगों में प्रचंड वेग का संचार होगा,
हर शिखर पर मेरे संकल्प का अधिकार होगा।

न पद की अभिलाषा, न यश का व्यापार,
मुझे चाहिए अपने श्रम का अधिकार,
ऐसा इतिहास रचूँ, जो कालखंडों में अमर हो जाए,
मेरे नाम से पहले मेरा पुरुषार्थ पढ़ा जाए।

मैं अपनी क्षमता का प्रमाण लिखूँगा,
हर चुनौती पर नया प्रतिमान लिखूँगा,
जो आज मुझे साधारण समझते हैं,
उनके सम्मुख अपना खुद का आसमान लिखूँगा।

निश्छल संकल्प मेरा शस्त्र बनेगा,
अदम्य आत्मबल मेरा अस्त्र बनेगा,
जहाँ थककर ठहर जाएँगे पथिक हजार,
वहीं से मेरा आत्मबल बनेगा अध्याय हजार।

अब चल पड़ा हूँ तो लौटना कैसा,
लक्ष्य सामने हो तो रुकना कैसा,
जिस भुजा में पुरुषार्थ का प्रचंड वेग हो,
उसके लिए असंभव का अर्थ ही कैसा!

नभ की ऊँचाइयों को नापना अभी शेष है,
अभिलाषाओं को आकार देना शेष है,
अभी तो मेरी उड़ान का आरंभ हुआ है,
अभी मेरे सामर्थ्य का विस्तार शेष है।

उठ! अपनी भुजाओं में विश्वास भर,ललाट पर स्वेद का इतिहास भर।
नहीं कोई वरदान तुझे पार लगाएगा,तेरा पुरुषार्थ ही तेरा ध्वज फहराएगा।

समर शेष है, हुंकार शेष है,
मेरे भीतर अपार अंगार शेष है।
मैं स्वयं अपनी विजय का शिल्पकार हूँ,
मेरे हाथों में अभी संसार शेष है!
                                       -नवनीत उपाध्याय
26 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

48 कविताएं

View Profile