हौसलों से हुई जब से पहचान है
लब पे रहती सदा मेरे मुस्कान है
खिलखिलाती रही हूँ मैं मुश्किल में भी
ईश्वर का मिला मुझको वरदान है
अब परेशान होती नहीं मैं कभी
साथ मेरे हमेशा ही भगवान है
अब लगाती नहीं दिल से बातों को मैं
ज़िन्दगी को बनाया यूँ आसान है
छोड़ इक दिन है जाना सभी कुछ यहीं
ज़ीस्त ये चंद दिन की ही मेहमान है
है बहुत खूबसूरत सी ये ज़िन्दगी
मेहरबानी का उसकी ही एहसान है
देखती ऐब औरों के अब मैं नहीं
ईश्वर का ही तो ये भी अपमान है
वक़्त के पहिए के साथ चलना मुझे
ईश्वर ही तो मेरा निगहबान है
राज़ी 'पारुल' है उसकी रज़ा में सदा
लौट आई तभी लब पे मुस्कान है