मुस्कुराहट छुपा कर
गम्भीरता ओढ़ लेते हैं
चढ़ती उम्र को फिर
ढलती ज़िन्दगी बोल देते हैं।
कभी प्रत्यक्ष कभी परोक्ष में
नैसर्गिक गुण छुपाने लगते हैं
प्राकृतिक देन है पंछी का कलरव
शोर बतलाने लगते हैं।
भटकने की हालत में खुद
भटका देते हैं दूसरों को
गजब होता है जब
दौड़ में आते-आते भाग जाते हैं।
अपने बनाये कुनबे में घुमते-घुमते
अनजाने राह से बचने लगते हैं
न जाने क्यूॅं , विफलता के डर से
संघर्ष करना ही भूल जाते हैं।
-नाग मणि