कब तक मेरे
शरीर को यूँ रौंदोगे,
तुम्हारे लिए कब तक
मैं कष्ट सहूँगी?
मेरे जल के स्रोतों को
तुम बचा न पाए,
बड़ी-बड़ी इमारतें
तुमने खड़ी कर डालीं।
कल-कारखाने चलाकर
मुझे प्रदूषित कर दिया,
जीवाश्म ईंधन से मेरा
दम घुटने लगा है।
करूँ तो क्या करूँ,
कहूँ तो किससे कहूँ,
मुझे धरती माँ कहकर
मुझ पर ही अत्याचार करते हो।
जो पेड़-पौधे और जंगल
हमारी रक्षा करते थे,
वर्षा के जल से मेरे
तप्त वक्ष को शांत करते थे,
उन्हें तुमने काट डाला।
आज तुम्हें पानी चाहिए तो,
मेरे सीने में गहरे-गहरे
बोरिंग करके पानी निकालते हो।
कुएँ-तालाब अब रहे नहीं,
स्रोत सूख गए,
मैं स्वयं अब प्यासी हूँ,
कहाँ तक मैं
तुम्हें पानी दूँगी?
मेरे अंग-अंग को
तुम बेध रहे हो,
कब तक मुझे यूँ बेधोगे?
इसका सामना तो
तुम्हें ही करना पड़ेगा,
कब तक यह दर्द मैं सहूँगी?
अब मैं आई.सी.यू. में पड़ी हूँ,
डीहाइड्रेशन का उपचार
किसी से हो नहीं रहा है।
तुम सब मेरे ही पुत्र हो,
सिर्फ नारा मत लगाओ,
मुझे अब सँभाल लो॥