विज्ञापन

अर्थ कहाँ मिटा है बोलो

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            पल पल दृश्य बदलते रहते
        
                                                    
                            
नदियों जैसे बहते रहते
कुछ लफ़्ज़ों के खो जाने से
अर्थ कहाँ मिटा है बोलो

दृश्य नया क्या बस इक झरोखा
किरणों का सुनहरा धोखा
और गुज़रना उसका जैसे
हवा का एक अल्हड़ झोंका
नये शिखर को छूने वाले
नित्य नये पथ बुनने वाले
एक दिशा के खो जाने से
सफ़र कहाँ रुका है बोलो

भोर यदि मुख मोड़ गई तो
ऋतु नयी आहट दे देगी
गर पतझड़ ने पत्ते लूटे
कोंपल नयी जगह ले लेगी
कल की याद मनाने वाले
बीते पल को रोने वाले
एक भँवर के आ जाने से
प्रवाह कहाँ रुका है बोलो

खोटा कहाँ कुछ इस जग में
केवल दृश्य बदल जाते हैं
जैसे मेघ हटा कर अम्बर
नये सितारे चमकाते हैं
नयी धरा पर चलने वाले
नये स्थान को चुनने वाले
कुछ थकानों के बढ़ जाने से
चरण कहाँ थका है बोलो

कितनी ही आँधियाँ उठी हों
पर्वत का विश्वास न टूटा
कितनी बार ऋतु रंग बदले
धरती का श्रृंगार न छूटा
बदलावों से डरने वाले
ठहरावों पर मरने वाले
कुछ छायाओं के ढल जाने से
प्रकाश कहाँ मिटा है बोलो

चाहे घिरे निराशा के घन
छुप न सकीं उम्मीद की किरणें
राहें गर कुछ पथरीली हों
रुके कहाँ पर्वत के झरने
कल की चिंता करने वाले
अकारण ही डरने वाले
कुछ युगों के बीत जाने से
समय कहाँ थमा है बोलो

-भानु शर्मा रंज
 
एक महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all