विज्ञापन

नज़रों से सब कुछ कह जाना भी है, और लबों पर ताला लगाना भी है।

Kapil Dev Julka

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            काग़ज़ की कश्ती-सा है ये एहसास मेरा,
        
                                                    
                            
इसे दरिया में उतारना भी है, और भीगने से बचाना भी है।
तुमसे बताना भी है, पर छुपाना भी है...

सर्द रातों की उस अधूरी-सी करवट की तरह,
तुम्हारा ज़िक्र जो लबों तक आकर ठहर जाता है।
जैसे किसी पुरानी किताब के पन्नों में,
कोई सूखा गुलाब दबकर महक जाता है।

ये जो पलकों की दहलीज़ पर नमी ठहरी है,
इसे आँखों में समेटना भी है, और बहाना भी है।
तुमसे बताना भी है, पर छुपाना भी है...

रिश्तों की इस रेशमी डोर में गाँठ न पड़ जाए कहीं,
इसलिए ख़ामोशी के लिबास में लफ़्ज़ों को सिला है।
तुम सामने होते हो, तो वक़्त की सुइयाँ थम-सी जाती हैं,
पर इस ठहरे हुए लम्हे को आगे बढ़ाना भी है।

एक अनकही-सी धुन बजती है सीने में रात भर,
जिसे गुनगुनाना भी है, और ज़माने से चुराना भी है।
तुमसे बताना भी है, पर छुपाना भी है...

कि तुम ही हो वो सुकून, जो मेरी बेचैनियों का हासिल है,
मगर इस बेनाम-से रिश्ते को कोई नाम देने से डर लगता है।
कहीं इज़हार की धूप में ये नाज़ुक-सा साया सिमट न जाए,
इसलिए इस पहेली को उलझाना भी है, और सुलझाना भी है।

ख़ामोशी की चादर ओढ़े बैठा है 'कपिल' तेरी महफ़िल में,
नज़रों से सब कुछ कह जाना भी है, और लबों पर ताला लगाना भी है।
तुमसे बताना भी है, पर छुपाना भी है...
-कपिल देव जुल्का
 
26 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all