हवेली झूठ की रौशन, दीये जलते रहे शब भर,
गली में सर्द रातों की, ठिठुरता सच खड़ा देखा।
गुज़र कर राह से अक्सर, सभी ने मुँह ही मोड़ा है,
सभी की नज़रों में हरदम, उसे तन्हा खड़ा देखा।
मगर तुम ग़ौर से देखो, वो हरगिज़ भी नहीं तन्हा,
क़दम रख साथ में उसके, अजब-सा सिलसिला देखा।
झुका बूढ़ा गगन सर पर, बना साया मुसाफ़िर का,
सहर की नर्म धूपों को, मरहम बनता हुआ देखा।
हवा सदियों पुरानी ने, कहा चुपके से कानों में,
“न डर, मैं साथ हूँ तेरे,” यही पैग़ाम आ देखा।
गिने जाते हैं बस सर ही, सदा झूठे के लश्कर में,
जहाँ सच है वहाँ पीछे, ख़ुदा का क़ाफ़िला देखा।
समेटे विश्व को ख़ुद में, बना है दौर का मंज़र,
कहाँ है वो अकेला जब, उसे पूरा जहाँ देखा।
‘कपिल’ गर साथ है तेरे, सदा ही सच का ये दामन,
तो तू तन्हा नहीं हरगिज़, तुझे जग जीतता देखा।