इतना जो मन को मारते हो,
कब तक खुद को समझाओगे,
यूँ ही भावनाओं को कुचलते रहे,
एक दिन पत्थर हो जाओगे।
लोग तराशेंगे छेनी-हथौड़े से,
कोई सुंदर आकार दे जाएगा,
कोई देवता कहकर पूजेगा,
कोई मंदिर में बिठा जाएगा।
पर तुम्हारे हृदय का क्या होगा,
क्या वह भी पत्थर बन जाएगा?
जो दर्द किसी से कह न सके,
क्या वह भीतर ही जम जाएगा?
क्या तब तुम साँस ले पाओगे,
या साँसों का बोझ उठाओगे?
मुस्कान अधरों पर रखकर भी,
क्या भीतर से घुटते जाओगे?
पूजे जाने का सुख तो होगा,
पर स्पर्श कहाँ से पाओगे?
फूल चढ़ेंगे, दीप जलेंगे,
पर मन की कह पाओगे?
मन को मरने मत दो,
आँखों को नम रहने दो,
जीवन सिर्फ सहने का नाम नहीं,
थोड़ा खुलकर जीने भी दो।
पत्थर बनकर पूजे जाने से,
इंसान बनकर जीना बेहतर है,
दिल में धड़कन बाकी रखना,
संवेदना ही जीवन का गहना है।
— कमल किशोर झा