"एक दिन सब शांत हो जाएगा"
एक दिन सब शांत हो जाएगा, न शिकायत रहेगी, न कोई शोर होगा,
जो आज बड़ा लगता है, कल वह बस एक भूला हुआ दौर होगा।।
जीवन भर छोटी-छोटी बातों से, मैं यूँ ही परेशान रहा,
किसने क्या कहा, किसने सम्मान न दिया, इसी में उलझा रहा।।
कौन आगे निकल गया, किसने धोखा दिया, यही सोचता रहा,
अपना अमूल्य समय, व्यर्थ की चिंताओं में ही गँवाता रहा।।
बुढ़ापे में आकर अब यह बात, समझ में आने लगी है,
जो बात दिन खराब करती थी, वह कितनी छोटी लगने लगी है।।
सोचता हूँ, जो बात मेरा पूरा दिन खराब कर जाती थी,
क्या मेरी आखिरी रात में भी, वह इतनी महत्त्वपूर्ण होगी।।
उत्तर मन से यही आता है, नहीं, वहाँ सब व्यर्थ हो जाएगा,
न मान रहेगा, न अपमान, बस मौन ही साथ जाएगा।।
अब मैं रोज़ इसी तरह सोचता हूँ, और मन हल्का होता जाता है,
धीरे-धीरे मेरी सारी शिकायतें, स्वयं ही कम होती जाती हैं।।
समझ आया, लड़ाइयाँ इसलिए बड़ी लगती हैं, क्योंकि हम महत्त्व दे देते हैं,
बेवजह उन पर अपना समय, अपनी ऊर्जा बर्बाद कर देते हैं।।
हर बात का जवाब देना, जरूरी नहीं होता है,
कुछ बातों को समय के हवाले करना, ही समझदारी होता है।।
इसलिए अब शांत रहूँगा, मस्त रहूँगा, सबसे प्रेम करूँगा,
एक दिन सब शांत हो जाएगा, इसी सत्य को हृदय में धरूँगा।।
- जगदीश प्रसाद शर्मा