विज्ञापन

बस हर अनुभूति को आत्मसात करते-करते

BINITA SAHA

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            अंतर्मन का द्वंद्व
        
                                                    
                            

जीवन से विरक्ति नहीं,
निरंतर निभाते थक गई हूँ मैं।
अपने ही अंतर्मन के अनगिनत द्वंद्वों में,
स्वयं को सुलझाते-सुलझाते थक गई हूँ मैं।

मन में संवेदनाओं का अथाह सागर है,
भावनाओं का अनवरत ज्वार उठता है,
कभी हृदय करुणा से विगलित होता है,
कभी कोई अनाम वेदना भीतर ही भीतर रिसती है।

कितना विचित्र है यह अंतर्मन,
कभी मौन में असंख्य संवाद रचता है,
कभी शब्दों का आश्रय भी अपर्याप्त लगता है,
कभी स्वयं का अस्तित्व ही प्रश्न बन जाता है।

संवेदनाएँ हैं कि थमती नहीं,
संवेग हैं कि एक-दूसरे में उलझते जाते हैं,
विवेक और भावना के मध्य कहीं,
मेरे विचार निरुत्तर खड़े रह जाते हैं।

कभी किसी की पीड़ा अपनी लगती है,
कभी किसी की उपेक्षा भीतर तक चुभती है,
कभी अतीत की स्मृतियाँ घेर लेती हैं,
कभी भविष्य की आशंकाएँ विचलित करती हैं।

न जाने कितने भावों का संचय है भीतर,
कितनी अनकही अनुभूतियों का आवास है,
बाहर से शांत दिखाई देने वाला यह मन,
भीतर कितने ही तूफ़ानों का आकाश है।

मैं स्वयं से पलायन नहीं चाहती,
न अपनी संवेदनाओं का परित्याग करना चाहती हूँ,
बस इस अंतहीन भाव-संघर्ष से कुछ क्षण विराम लेकर,
अपने ही अस्तित्व में विश्रांति पाना चाहती हूँ।

जीवन से विरक्ति नहीं,
संवेदनाओं से कोई शिकायत नहीं,
बस हर अनुभूति को आत्मसात करते-करते,
अपने ही मन का भार उठाते-उठाते,
निरंतर निभाते थक गई हूँ मैं।

काश! कभी ऐसा भी दिवस आए,
जब मन में कोई द्वंद्व न हो,
भावनाओं का कोई आवेग न हो,
और मैं अपने ही अंतर्मन के सान्निध्य में
निःशब्द, निश्चिंत और संपूर्ण हो सकूँ।
- विनीता शाहा
15 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

49 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7726 कविताएं

View Profile