बचपन से सुनता आया और आँखों से देखा हूँ
छठ की पूजा होते और उसमें समर्पित होता हूँ।
अस्त और उदय दोनों की आराधना होती है
पर क्यों इस बार मेरे हृदय में कुछ हो रहा है…
मन शांत है या विचलित है,
मुझे पता नहीं चल रहा है।
बस नज़रें हर बार जोड़े पे जा रही हैं
जैसे सूप और दउरी की तरफ
गोल ठेकुआ और लंबा ठेकुआ, पान के साथ कसैली
हर चीज़ दो का जोड़ा ही
नज़र आ रहा है
और खुद को मैं अकेला पाता हूँ।
ना जाने वो दिन कब आएगा
जब मैं हर बार की तरह गेहूँ लाऊँगा,
और तुम उसे धो के सुखाओगी छत पे धूप में।
तुम गेहूँ को सूखते देखना और मैं तुम्हें देखूँगा…
तुम वो कॉटन की
फूली-फूली लाल-पीली साड़ी पहनना
हाथों में चूड़ी और नाक से सिंदूर हो।
तुम बाज़ार से सामान की लिस्ट बना के
मुझे लाने दो
और हर बार की तरह मैं कुछ गलती करूँ,
तो तुम मुझे डाँटो।
तुम्हारे साथ खीर का प्रसाद बनाना,
और तुम्हारा मुझे टीका लगा के प्रसाद खिलाना।
फिर एक साथ मिल के
घी का ठेकुआ बनाते हुए तुम्हें देखना
और घी से भी अधिक
तुम्हारे प्रेम की खुशबू में मेरा डुबकी लगाना।
अरे यार! मैं क्या कहूँ ज़्यादा,
लिखता हूँ उंगली से,
लेकिन झार-झार आँखों से आँसू बहते हैं
वापस से ज़ुबान लड़खड़ाने लगती है।
मैं तो बस यही कहूँगा,
मैं तुम में ऐसा डूबूँ कि
मेरा अकेलापन भी
इस सूर्य के साथ सदा के लिए डूब जाए…
और तुम मेरे साथ रहो
और मैं उगते सूरज को अरघ दे सकूँ,
हृदय की वेदना और अथाह दाह को शांत कर दो।
एक फैसले से सब बदल सकता है,
डूबता हुआ सूरज भी
सदा के लिए उग सकता है।
मुझे पता है ठेकुए की मिठास गुड़ से नहीं,
बल्कि ईश्वर के भोग ग्रहण से होती है…
इसी तरह मेरे जीवन की धड़कन साँसों से नहीं, तुमसे है।
कहते हैं दोस्त मुझसे कि साम-दाम-दंड-भेद लगा के उसे पास रख लो,
अगर नहीं रह पा रहे हो उसके बिना तो।
पर कैसे समझाऊँ मैं उन्हें कि उसे पाना नहीं है,
क्योंकि वो मेरी ही है…
बस कुछ फैसले से ये फासला नज़र आता है,
बाद बाकी वो पूरी की पूरी मेरी ही है,
जैसे सूरज को देख के सूरजमुखी खिल जाता है, वैसी है वो।
बस उसके एक ‘हाँ’ की देर है
बाद बाकी असंभव तो कुछ है ही नहीं।
विरह का प्याला भी पी ही रहा हूँ उसके फैसले से
पर ठीक है… शिकायत तो है पर करना नहीं है, बस साथ रहना है।
पर जानता हूँ मैं, कि ये सब इस जनम में पूरी ना होने वाली इच्छा है
और ये मेरा आखिरी जनम भी है…
क्योंकि बार-बार दुख के समुंदर को पार करने की कोई अभिलाषा नहीं है मुझमें।
एक ‘मिल्कीबार’ से ही बिक गया था
मैं उसी वक़्त,
कोई और ख़रीददार नहीं हो सकता है मेरा अब।
बस इस छठ,
मुँह खोल के छठी मइया से तुम्हारी ‘हाँ’ की माँग करता हूँ,
सुना है वो सबकी झोलियाँ भरती हैं…
मैं तो बस तुम्हारी
माँग भरने की माँग करता हूँ।
ना जाने क्यों, ये छठ मेरे लिए प्रेम का सूरज लाएगा,
ऐसी उम्मीद है।