विज्ञापन

और उन खतों में बसी उनकी दुनिया।

Anupama Arya

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            आज मन हुआ कि पापा के पुराने खत पढ़ूँ,
        
                                                    
                            
जो उनके लिए आए थे
या उन्होंने किसी को लिखे थे।

एक-एक खत खोलकर देखा,
कहीं उनकी लिखावट थी,
कहीं किसी और के शब्द,
कहीं कुछ खाली जगहें।

और हर खत के साथ
खुलता था उनका वो आधा-अधूरा घर।

गाँव की पगडंडियाँ,
पुराने दोस्तों के नाम,
और हर खत के ऊपर
‘प्रिय रानी’ लिखा होता था।

आज पता चला,
माँ का यह भी नाम था।

माँ की कही बात,
“थोड़े को ज़्यादा समझना”,
भी कहीं उन्हीं खतों से निकली थी।

पापा बिन बुलाए भी
उस बड़े-से फाटक को पार करना चाहते थे,
अपने बचपन वाले कमरे में जाना चाहते थे।

हमें अपना स्कूल, दोस्त दिखाना चाहते थे,
उस गाँव में घूमना चाहते थे
जहाँ हर कोई उन्हें जानता था।
कोई ज़मींदार कहता,
तो उनके चेहरे पर रौनक आ जाती।

घर की पहली गाड़ी खरीदकर
सोचा होगा,
उनके पापा कितने चौड़े में घूमेंगे,
बेटे ने घर की पहली गाड़ी जो खरीदी थी।

कैमरा भी इस उम्मीद में खरीदा,
कि पूरा परिवार साथ होगा तो काम आएगा।
अपना हुनर दिखाएँगे,
ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों में
कुछ रंग भरेंगे।

पर शायद ये इच्छाएँ
उसी गाँव, उसी घर में कहीं रह गईं।

एक-एक करके लोग चले गए,
घर खंडहर हो गया।

अब बस बचे हैं
पापा के खत
और उन खतों में बसी उनकी दुनिया।
एक घंटा पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

48 कविताएं

View Profile