चेहरे बदले, रस्ते बदले, बदले लोग लुटेरे,
मगर देख लो आज खड़े हैं, हम तो साँझ सवेरे।
पत्थर मारो, ताने मारो, मारो व्यंग्य के बाण,
राख से उठकर फिर जीवित हैं, मेरे स्वाभिमान।।
वक्त का पहिया उल्टा घूमा, देखो मेरी बारी है।
अब मेरी तैयारी है, हाँ अब मेरी तैयारी है।।
कल तक जो मुझे देख के अपनी, राह बदलते थे,
मेरी फटी कमीज़ को देख कर, जो मन ही मन जलते थे।
कहते थे ये शख्स तो बोझ है, धरती पर एक श्राप,
आज उन्हीं के सर पे चढ़ा है, मेरे नाम का जाप।
धोखे की बुनियाद पे तुमने, महल जो अपने ताने थे,
मैंने अपनी एक फूँक से, वो सारे पहचाने थे।
गिरगिट भी शरमा जाए अब, रंग देख कर तेरे।
मगर देख लो आज खड़े हैं, हम तो साँझ सवेरे।।
संघर्षों की भट्टी में, मैं कुंदन बन के निखरा हूँ,
टूटा हूँ मैं कई मर्तबा, पर ना कभी मैं बिखरा हूँ।
विपरीत दिशा में बहना मुझको, दरिया ने सिखलाया है,
मौत ने जब भी दस्तक दी, जीवन ने मुझे बचाया है।
'रंज' न करना ए मन मेरे, दुनिया की गद्दारी पर,
लिख देंगे हम नाम अपना अब, अंबर की अटारी पर।
काट दिए हैं मैंने अब तो, दुःख के घने अंधेरे।
मगर देख लो आज खड़े हैं, हम तो साँझ सवेरे।।
-भानु शर्मा रंज