विज्ञापन

साँझ का सिंदूर जल में बह गया

Anonymous User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            साँझ का सिंदूर जल में बह गया
        
                                                    
                            
प्यार अपना यूँ अधूरा रह गया

हम मिले थे चाँदनी की छाँव में
थी थिरकती एक पायल पाँव में
अनकही आँखों में कोई बात थी
मौन में भी गुनगुनाती रात थी
वक्त अपनी ही कहानी कह गया
प्यार अपना यूँ अधूरा रह गया

आँसुओं से तर हुई हर शाम है
लौट आने का न कोई नाम है
जागती आँखें खड़ी हैं द्वार पर
बाँसुरी रोती रही हर तार पर
दर्द सारा मन अकेला सह गया
प्यार अपना यूँ अधूरा रह गया

दूर धरती से गगन की आस है
तीर पर रहकर नदी को प्यास है
साँझ के संग भोर चल सकती नहीं
बिन मिलन यह प्यास टल सकती नहीं
स्वप्न का हर सेतु पल में ढह गया
प्यार अपना यूँ अधूरा रह गया
आज भी महकी हुई हैं वादियाँ
खो गईं पर प्रेम की आबादियाँ
पत्र जो लिखकर जलाए रात में
राख बनकर उड़ गए बरसात में
अश्रु बनकर हर निवेदन बह गया
प्यार अपना यूँ अधूरा रह गया

पूर्णता तो एक पल का मेल है
यह अधूरापन अनूठा खेल है
टूट कर भी जो न टूटे प्रीत है
एक चुप्पी में छिपा संगीत है
प्राण में बनकर अमर रस बह गया
प्यार अपना यूँ अमर हो रह गया

साँझ का सिंदूर जल में बह गया
प्यार अपना यूँ अधूरा रह गया
-भानु शर्मा रंज
 
35 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ramesh Raj

49 कविताएं

View Profile

Dn Chaubey

7731 कविताएं

View Profile