जिस घर में किलकारी गूंजी, खुशियों की बरसात हुई l
उसी घड़ी से बाप के माथे, चिंता की शुरुआत हुई।l
नन्ही-सी जो कली खिली थी, आँगन का अभिमान बनी l
लोभ-दहेज के काले साये में, क्यों वो एक इम्तिहान बनी ll
तिनका-तिनका जोड़ के पूंजी, बाप उम्र भर खपता है l
बेटी के उज्ज्वल भविष्य को, हर पल भीतर जलता है।l
लालच की इस अंधी मंडी में, जब रिश्तों की बोली लगती है l
पिता की पगड़ी भरी सभा में, बेबस होकर झुकती है।।
गर दहेज का यह दानव, इस धरा पर न आया होता ।
हर आँगन ने लाडली को, पलकों पर बैठाया होता।।
न कोख में दम तोड़ती कलियाँ, न सपनों का गला घुटता ।
हर बेटी के हिस्से में केवल, स्नेह और सम्मान बंटता।।
सुनो समाज के ठेकेदारों, अब यह रीत बदलनी होगी ।
सौदागर इस मानसिकता की, अब तस्वीर बदलनी होगी।।
बेटी स्वयं एक वरदान है, इसे किसी मोल न तोलो तुम ।
जो दो कुलों को रोशन करती, उस पर ज़हर न घोलो तुम।।
उठो बेटियों, जागो अब तुम , अपनी शक्ति को पहचानो ।
दहेज लोभियों के आगे, खुद को न कभी बेबस मानो।।
जिस दिन यह कुप्रथा मिटेगी, एक स्वर्णिम भोर फिर आएगी ।
अगर दहेज न होता जग में, बेटी बोझ न कहलाएगी ।।
-सूबेदार डीपी सिंह