पुरुष होना भी आसान नहीं
वह हँसता है तो अक्सर,
अपने दर्द छिपाता है,
सबकी खुशियों की खातिर
अपनी इच्छाएँ भुलाता है।
कंधों पर जिम्मेदारियों का
कितना भारी भार लिए,
अपने हिस्से की धूप समेटे
दूसरों को छाँव दिए।
वह पिता बनकर संतान के
सपनों को आकार देता है,
अपनी अधूरी इच्छाओं से
उनका संसार सँवारता है।
वह भाई बनकर मुश्किल में
ढाल बनकर खड़ा रहता है,
बहन की छोटी-सी मुस्कान में
अपना सुख ढूँढ़ता रहता है।
वह पति बनकर जीवनसंगिनी के
सुख-दुख का सहभागी है,
कभी मौन रहकर सहता है,
कभी प्रेम का अनुरागी है।
पर उसके भीतर भी एक हृदय है,
जो कभी टूट जाता है,
कभी अकेलेपन की रातों में
चुपके से रो जाता है।
उसे भी अधिकार है कि कोई
उसकी थकान समझ पाए,
बिना कहे उसके मन की पीड़ा
अपनेपन से सहलाए।
पुरुष होना कठोर होना नहीं,
संवेदनाओं से रिक्त नहीं,
उसकी आँखों में भी सपने हैं,
वह पत्थर की कोई मूर्ति नहीं।
नारी हो या पुरुष, दोनों
जीवन के दो आधार हैं,
सम्मान, प्रेम और समानता से
महकते हर परिवार हैं।
आओ, आज यह संकल्प करें,
सम्मान सभी को देंगे,
नारी-पुरुष के भेद से ऊपर
मानवता के दीप जलाएँगे।
पुरुष के त्याग को मान मिले,
उसकी पीड़ा को भी पहचान मिले,
वह भी इंसान है, उसे भी
जीने का पूरा सम्मान मिले।
— अनिता चतुर्वेदी ‘मनस्वरा’