अक्सर उससे मिलने को वो मंदिर जाया करते हैं
जिसको अपने मन की बातें लोग सुनाया करते हैं
बैठ बुजुर्गों के दरमियान यह महसूस किया हमने
बीती बातों को ही तो वो दोहराया करते हैं
नजर सुनहरी हो जातीं जब डूबें दरिया के जल में
किरनों का सोना जो अपने संग बहाया करते हैं
भोर गुलाबी शॉल ओढ़ कर आने लगती आँगन में
आकर अगहन माह जो ठिठुरन रोज बढ़ाया करते हैं
आती है खुशबू इनमें से लगते रंग बिरंगे ये
फूलों के परिधान हमें तो बहुत लुभाया करते हैं
-आलोक