विज्ञापन

उमाकांत मालवीय की रचना- कभी-कभी बहुत भला लगता है, चुप-चुप सब कूछ सुनना

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                                                                        
                            कभी-कभी बहुत भला लगता है —
        
                                                    
                            
चुप-चुप सब कुछ सुनना
और कुछ न बोलना ।

कमरे की छत को
इकटक पड़े निहारना
यादों पर जमी धूल को महज़ बुहारना
कभी-कभी बहुत भला लगता है —
केवल सपने बुनना
और कुछ न बोलना ।

दीवारों के उखड़े
प्लास्टर को घूरना
पहर-पहर सँवराती धूप को बिसूरना
कभी-कभी बहुत भला लगता है —
हरे बाँस का घुनना
और कुछ न बोलना ।

काग़ज़ पर बेमानी
सतरों का खींचना
बिना मूल नभ छूती अमरबेल सींचना
कभी-कभी बहुत भला लगता है
केवल कलियाँ चुनना
और कुछ न बोलना ।

अपने अन्दर के
अँधियारे में हेरना
खोई कोई उजली रेखा को टेरना
कभी-कभी बहुत भला लगता है
गुम-सुम सब कुछ गुनना
और कुछ न बोलना ।
एक वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

SATYENDRA KUMAR

112 कविताएं

View Profile

Nathuram Kaswan

8651 कविताएं

View Profile