विज्ञापन

Hindi Poetry: गोरख पांडेय- समय का पहिया चले रे साथी

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                     
                                                  समय का पहिया चले रे साथी 
समय का पहिया चले! 
फ़ौलादी घोड़ों की गति से आग बर्फ़ में जले रे साथी! 
समय का पहिया चले! 

रात और दिन पल-पल छिन-छिन आगे बढ़ता जाए! 
तोड़ पुराना नए सिरे से सब-कुछ गढ़ता जाए, 
पर्वत-पर्वत धारा फूटे लोहा मोम-सा गले रे साथी! 
समय का पहिया चले! 

धरती डोले, सूरज डोले, डोलें चाँद सितारे 
डोलें गढ़ औ’ क़िले दमन के, डोले शासक सारे, 
तूफ़ानों के बीच अमर जीवन का अंकुर पले रे साथी! 
समय का पहिया चले! 
विज्ञापन

उठा आदमी जब जंगल में अपना सीना ताने 
रफ़्तारों को मुट्ठी में कर पहिया लगा घुमाने, 
मेहनत के हाथों से आज़ादी की सड़कें ढले रे साथी! 
समय का पहिया चले! 
2 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all