जम्मू। केंद्र सरकार की एचयूआईडी (हालमार्किंग यूनीक अडेंटिफिकेशन नंबर) प्रावधानों के खिलाफ सोमवार को स्वर्णकारों की देश व्यापी हड़ताल का जम्मू में भी असर रहा। यहां सराफा एसोसिएशन जम्मू प्रांत और स्वर्णकार संघ जम्मू के बैनर तले सराफा बाजार पूरी तरह से बंद रहा। स्वर्णकारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख कर नीति आयोग की सिफारिशों के मुताबिक हालमार्क प्रावधानों को लागू न करने का भी विरोध किया। इस एक दिवसीय टोकन हड़ताल में लगभग सभी स्वर्णकार शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान स्वर्णकारों ने मांगों संबंधी बैनर पकड़ रखे थे। सरकार हालमार्किंग अधिनियम संशोधन पर काम करे।
पुराने शहर के जैन बाजार में स्वर्णकारों के प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सराफा एसोसिएशन जम्मू प्रांत के प्रधान रमन सूरी ने कहा कि हम आभूषणों पर हालमार्क का स्वागत करते हैं। इससे ग्राहक को उच्च गुणवत्ता वाला उत्पाद मिल सकेगा, लेकिन सरकार के एचयूआईडी प्रावधान सरल न होने के कारण स्वर्णकारों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। खासतौर पुराने स्वर्णकार इस कठिन एचयूआईडी प्रक्रिया को समझने में सक्षम नहीं हैं। इस नए प्रावधान में विभिन्न तरह की जानकारियां देने को कहा गया है, इसमें खासकर कम पढ़े लिखे स्वर्णकारों के लिए अधिक मुश्किलें होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यवसाय स्तर पर सभी प्रक्रियाओं को सरल बनाने का वादा किया था, ताकि कारोबारी अपना व्यवसाय आसानी और मजबूती के साथ कर सकें, लेकिन नए प्रावधानों से स्वर्णकारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसका पूरा स्वर्णकार समुदाय विरोध करता है।
नए प्रावधानों से भ्रष्टाचार बढ़ेगा
एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार वर्मा ने कहा कि नीति आयोग में खुद प्रधानमंत्री अध्यक्ष हैं, लेकिन आयोग की सिफारिशों को हालमार्क प्रावधानों में पूरी तरह से शामिल नहीं किया गया है। सरकार को ऐसे प्रावधानों में तरीकावार को सरल बनाना चाहिए, ताकि स्वर्णकार समुदाय को व्यवसाय करने में कोई परेशानी न आए। सरकार इंस्पेक्टरी राज को भी बढ़ावा दे रही है, जिससे व्यवसाय करने में दिक्कतें होंगी। इससे भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिलेगा।