जम्मू। जिला प्रशासन ने सोमवार को नगर निगम के संसाधनों के सहयोग से जीएमसी जम्मू के ब्वायज हास्टल की दीवार से सटे अतिक्रमण को हटा दिया। इसमें कई अवैध ढांचों को गिराया गया। दीवार के साथ कई लोग अतिक्रमण करके कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसके अलावा जीएमसी अस्पताल के गेट के सामने सड़क पर दोबारा अतिक्रमण कर लगाई जा रही रेहड़ियों को भी हटा दिया गया। इस दौरान जीएमसी के आसपास की पांच कनाल भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर वापस लिया गया।
जिला प्रशासन की टीम सोमवार को जेसीबी के साथ जीएमसी के ब्वायज हास्टल में पहुंची। इस दौरान पुलिसबल को बुला लिया गया था। हास्टल की दीवार के साथ कुछ क्षेत्रवासियों दारा अवैध ढांचों का निर्माण करने की शिकायतें मिली थीं। इसमें एक घर के साथ हास्टल दीवार के भीतर तक एक अवैध शौचालय का निर्माण कर लिया गया था। इसके साथ हास्टल दीवार के साथ एक प्लेटफार्म का निर्माण कर लिया गया था। जेसीबी मशीन ने हास्टल दीवार के साथ अवैध ढांचों को गिराना शुरू किया। इसमें शौचालय, प्लेटफार्म को हटा दिया गया। अतिक्रमणकारी हास्टल दीवार के साथ अवैध ढांचों को निर्माण करके कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद टीम ने बाहर जीएमसी के गेट के सामने अवैध रेहड़ियों को हटा दिया। इन रेहड़ियों को पहले भी यहां से हटा दिया गया था, जिसके बाद पत्थर आदि के साथ इन्हें दोबारा लगाने की कोशिश की जा रही थी। जीएमसी प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि अस्पताल के गेट के सामने अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या रहती है, जिससे अस्पताल आने वाले रोगियों, एंबुलेंसों, राहगीरों आदि को आवाजाही में परेशानी होती है। अतिक्रमण को हटाकर जीएमसी गेट के सामने मार्ग को सुगम बनाने की कोशिश की गई है। जिला प्रशासन ने अपने आधिकारिक ट्वीट पर जीएमसी की भूमि पर अतिक्रमण हटाने की पुष्टि करते हुए कहा कि इससे मरीजों और तीमारदारों के साथ अन्य लोगों को राहत मिलेगी। जीएमसी के मुख्य मार्ग पर सुचारु आवाजाही के लिए सभी उचित प्रयास किए जा रहे हैं।