जम्मू। शिव सेना डोगरा फ्रंट के सदस्यों ने बाड़ी ब्राह्मणा के बदरोहरी और जम्मू शहर के बाहरी क्षेत्र व कंपनी बाग में पानी की आपूर्ति नहीं होने पर प्रदर्शन किया। खाली बाल्टी के साथ फ्रंट के सदस्यों ने रैली निकाली और प्रशासन से लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान फ्रंट के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि बाड़ी ब्राह्मणा के बदरोहरी क्षेत्र में आठ दिन और शहर के कंपनी बाग सहित अन्य इलाकों में भी दो दिनों से पानी की आपूर्ति ठप हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू के लोगों को सरकार बुनियादी सुविधा देने में नाकाम रही है। लोग बिजली और पानी जैसे बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता ने समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया है। ब्यूरो