जम्मू। दूसरों को सामाजिक दूरी के पालन की नसीहत देने वाले स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण केंद्रों पर कोविड निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं। भारी भीड़ के बीच कहीं कोविड प्रोटोकाल का पालन होता नहीं दिख रहा है। राजनेताओं की मनमानी से भी आम लोग परेशान हैं।
लोगों की शिकायत है कि अधिकांश टीकाकरण केंद्रों पर दैनिक आधार पर नेता अपने साथ 20-25 लोगों को साथ ला रहे हैं, जिससे अन्य लाभार्थी को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इन परिस्थितियों में चिकित्सा स्टाफ भी लाचार दिख रहा है। जम्मू-कश्मीर में गत दिनों रिकार्ड सात लाख कोविड वैक्सीन की खेप पहुंचने के बाद टीकाकरण अभियान में तेजी लाई गई। प्रदेश में मंगलवार को 18 से अधिक आयु वर्ग में रिकॉर्ड 125489 लोगों को टीकाकरण किया गया। जबकि जम्मू में यह आंकड़ा 26 हजार रहा। जम्मू में पिछले दो दिन में 50 हजार लोगों का टीकाकरण किया गया है। अब तक 18 से अधिक आयु वर्ग में 7337035 लोगों को टीकाकरण किया जा चुका है, जो अनुमानित आबादी पर 66.78 फीसदी है। इसके साथ फ्रंटलाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर और 18 से अधिक आयु वर्ग में अब तक 8053151 लोगों को टीकाकरण किया गया है। लेकिन टीकाकरण को गति देने के साथ स्वास्थ्य विभाग कोविड एसओपी का पालन करवाना भूल गया है।
----
शास्त्रीनगर चिकित्सा केंद्र पर उमड़ी भीड़
शहर के शास्त्रीनगर चिकित्सा केंद्र पर मंगलवार को भारी भीड़ नजर आई। टीकाकरण के लिए कतारों में जुड़कर बड़ी संख्या में लोग खड़े नजर आए। प्रदेश के अधिकतर टीकाकरण केंद्रों पर एकमात्र पुलिसकर्मी की तैनाती रहती है, जिससे वे भीड़ को नियंत्रित करने में सक्षम नहीं हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी जम्मू डॉ. जेपी सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में रिकॉर्ड टीकाकरण हो रहा है। हम टीकाकरण के लिए आने वाली भीड़ को रोक नहीं सकते हैं, लेकिन लोगों से अपील है कि वे खुद कोविड प्रोटोकाल का गंभीरता से पालन करें। ज्यादा से ज्यादा लोगों को जल्द टीकाकरण करके उन्हें कोविड की तीसरी लहर के खतरे से बचाना है।
------
166 संक्रमित, एक मरीज की मौत
ब्लैक फंगस का एक और मामला
-श्रीनगर सहित कई जिलों में संक्रमण का प्रसार बढ़ा
-छह जिलों में कोई नया कोविड संक्रमित मामला नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को 166 नए संक्रमित मामले मिले। इसमें कश्मीर से 148 मामले हैं। पिछले चौबीस घंटे में एसएमएचएस अस्पताल श्रीनगर में एक कोविड संक्रमित मरीज ने दम तोड़ दिया। श्रीनगर में संक्रमण का प्रसार होना जारी है। यहां प्रदेश में सर्वाधिक 74 नए संक्रमित मामले मिले, जिसमें 9 यात्री हैं। श्रीनगर में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 528 पहुंच गया है। इसके साथ बारामुला और बडगाम में भी मामलों में बढ़ोतरी हुई है। इस बीच जम्मू-कश्मीर में एक और नया ब्लैक फंगस का मामला मिला है। अब तक 45 लोगों में ब्लैक फंगस से पीड़ित होने की पुष्टि हो चुकी है।
रियासी, किश्तवाड़, सांबा, कठुआ, उधमपुर, शोपियां में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला। कश्मीर के बारामुला में 27 और बड़गाम में 21 नए संक्रमित मामले मिले। बांदीपोरा में 10 संक्रमित मामले मिले। जम्मू संभाग में संक्रमित मामलों को लेकर फिलहाल राहत है और यहां कुल नए 18 संक्रमित मामले ही मिले। जम्मू में 4 संक्रमित मामले मिले। संभाग के सभी दस जिलों प्रत्येक में 10 से कम संक्रमित मामले मिले हैं। जम्मू कश्मीर में वर्तमान में सक्रिय मामले 1330 हैं। अब तक प्रदेश में 4408 लोगों की कोविड से मौत हो चुकी है।