जम्मू। इंडोर/आउटडोर सभाओं या कार्यक्रमों में 25 से अधिक लोगों के शामिल होने पर कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने विभागीय अधिकारियों को कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि जम्मू संभाग में कोरोना की रोकथाम के लिए उचित प्रतिबंध लागू हैं। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए लोग टीकाकरण के साथ नियमों का गंभीरता से पालन करें।
मंडलायुक्त ने कहा कि संभागीय प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ लोग और व्यावसायिक संस्थाएं नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। इसमें कोविड उचित व्यवहार का ध्यान नहीं रखा जा रहा। जिला अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को कोविड एसओपी का सख्ती से अनुपालन के लिए निर्देश दिए गए हैं। रात्रि कर्फ्यू और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने के निर्धारित समय को सख्ती से लागू किया जाए। कोविड एसओपी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए।