जम्मू। आतंकी संगठन जम्मू को दहलाने की लगातार साजिशें रच रहे हैं। सीमा पार से आतंकियों को भेजकर हमले कराने में असफल आतंकी संगठन स्थानीय आतंकियों की मदद से जम्मू में हमला कराना चाहते हैं। यही कारण है कि बीते आठ माह में जम्मू में आठ बड़ी आतंकी साजिशें रची गईं।
हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने इन सभी साजिशों को नाकाम कर दिया। वायुसेना स्टेशन पर ड्रोन हमले को छोड़ दिया जाए तो कोई भी साजिश आतंकियों की परवान नहीं चढ़ सकी। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई जम्मू को दहलाने की बड़ी साजिश रच रही है, क्योंकि आईएसआई जम्मू में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश में है, इसलिए बार-बार जम्मू में हमले का प्रयास किया जा रहा है। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस तरह की वारदातें शहर में और अधिक बढ़ सकती हैं।
----
पहली साजिश
6 फरवरी, 2021 : पुलिस ने सांबा के बाड़ी ब्राह्मणा से जैश-ए मोहम्मद के नए संगठन लश्कर-ए मुस्तफा के चीफ हिदायतुल्लाह को पकड़ा। हिदायतुल्लाह जम्मू में अपना बेस बनाकर बड़े हमले करना चाहता था। इसके पास से हथियार और गोला बारूद मिला। इसके नेटवर्क में शामिल कई और आतंकी पकड़े गए।
-----
दूसरी साजिश
12 फरवरी, 2021 : जम्मू के बस स्टैंड पर अल बदर का आतंकी दबोचा गया। इसके पास से सात किलो आईईडी बरामद की गई। इसके तीन साथी और पकड़े गए। यह लोग 14 फरवरी को जम्मू में पुलवामा जैसा हमला करना चाहते थे, लेकिन इनको पहले ही दबोच लिया गया।
----
तीसरी साजिश
13 फरवरी, 2021 : शहर के कुंजवानी में पुलिस ने टीआरएफ के कमांडर जाहूर अहमद को पकड़ लिया। यह जम्मू में बेस बनाकर बड़े हमला करना चाहता था। इसके संपर्क में रहने वाले कई ओजी वर्कर पकड़े गए।
----
चौथी साजिश
27 जून, 2021 : शहर के वायुसेना स्टेशन पर ड्रोन से हमला किया गया। इसी दिन पुलिस ने बठिंडी से एक आतंकी को पांच किलो आईईडी के साथ पकड़ा। इस आईईडी से शहर के रघुनाथ मंदिर जैसे अन्य धार्मिक स्थलों को उड़ाया जाना था, लेकिन साजिश को नाकाम कर दिया गया।
---
पांचवीं साजिश
28 से 30 जून, 2021 : शहर के कुंजवानी सैन्य क्षेत्र में ड्रोन से फिर हमला करने का प्रयास किया गया। एयरफोर्स स्टेशन जम्मू पर भी हमला करने का ड्रोन से प्रयास किया गया। लेकिन इसको विफल कर दिया गया।
---
छठी साजिश
23 जुलाई, 2021 : अखनूर पुल के पास पाकिस्तान के भेजे गए एक ड्रोन को मार गिराया गया। इस ड्रोन से पांच किलो आईईडी बरामद की गई। इस आईईडी को रिसीव करने के बाद शहर में धमाके किए जाने थे। लेकिन पुलिस ने इस साजिश को नाकाम कर दिया।
---
सातवीं साजिश
6 अगस्त, 2021 : सांबा के बॉर्डर पर दो पिस्टल और कुछ सामान बरामद किया गया, जो ड्रोन से भेजा गया था। यह पिस्टल स्थानीय आतंकियों ने रिसीव करने के बाद शहर में किसी वारदात को अंजाम देना था।
---
आठवीं साजिश
26 सितंबर, 2021 : पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास टीआरएफ के आतंकी को पिस्टल के साथ पकड़ा। यह आतंकी जम्मू में किसी व्यक्ति विशेष की हत्या (सिलेक्टिव कीलिंग) करने के लिए आया था। लेकिन इस साजिश को नाकाम कर दिया गया।