जम्मू। शहरवासियों को अब घर में कुत्ता रखना है तो इसके लिए नगर निगम के पास पंजीकरण कराना होगा। इसको हर साल रिन्यू भी करवाना होगा। पंजीकरण से पहले कुत्ते को वैक्सीन लगवानी भी अनिवार्य की गई है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से पंजीकरण करवाया जा सकता है। नगर निगम ने इसके लिए बाकायदा नोटिफिकेशन भी जारी की है। इसमें एक महीने का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि ऐसा नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार निगम के पास अब तक 500 पालतू कुत्तों का ही पंजीकरण हुआ है, जबकि शहर में पालतू कुत्तों की संख्या हजारों में है। जिन लोगों ने पालतू कुत्तों का पंजीकरण कराया है, वे भी इसे रिन्यू कराने के लिए नहीं पहुंचे। इस साल सिर्फ 100 लोग ही पंजीकरण रिन्यू कराने के लिए नगर निगम के पास पहुंचे है।
-----
500 रुपये में हो रहा पंजीकरण, 300 में होगा रिन्यू
पंजीकरण कराने का शुल्क 500 रुपये है और रिन्यू कराने का 300 रुपये सालाना रखा गया है। पंजीकरण कराने से पहले कुत्ते की वैक्सिनेशन का दस्तावेज भी दिखाना होगा, ताकि पता चल सके कि कुत्ते को वैक्सीन लगी है या नहीं।
---
- 500 कुत्ते पंजीकृत हैं नगर निगम के पास
- 100 का ही पंजीकरण इस सल रिन्यू कराया गया
----
शहर में रैबिज की रोकथाम के उद्देश्य से ऐसा किया जा रहा है। बहुत से लोग सुबह शाम अपने कुत्ते लेकर सड़कों पर आते-जाते हैं और कई बार ये लोगों को काट भी लेते हैं। इसे रोकने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
डॉ. सुशील शर्मा, वेटरनरी अधिकारी, नगर निगम