जम्मू। बंधुरख में नगर निगम के कैटल पौंड कांप्लेक्स में 26 लाख रुपये से भंडारण शेड और स्टाफ के लिए क्वार्टर, कार्यालय बनाए जा रहे हैं। वीरवार को मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने निर्माण कार्य का नींव पत्थर रखा। इस दौरान उन्होंने यहां चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। मेयर ने कहा कि इस कैटल पौंड का काफी फायदा मिलेगा। शहर के डोगरा हॉल में भी कैटल पौंड है, जो कि कम पड़ रहा था। अब बंधुरख में 72 कनाल जमीन पर कैटल पौंड बनाया गया है। इसकी सुरक्षा दीवार और फेसिंग का काम जारी है। सिंगल यूज प्लास्टिक जमा करने और इसे अलग करने की यूनिट भी स्थापित की जाएगी। शौचालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। बजन तोलने के लिए धर्म कांटा भी यहां लगाया जा रहा है, ताकि प्लास्टिक व अन्य सामान को तोलने में कोई परेशानी न हो। पहले निगम का दायरा 116 वर्ग किलोमीटर का था, जो अब 190 किलोमीटर हो चुका है। इस दौरान पौधरोपण भी किया गया।