शांति मार्च की जानकारी देते इस्कान मंदिर के साधक
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों व मंदिरों पर हुए हमलों के विरोध में इस्कॉन उधमपुर 26 अक्तूबर यानी मंगलवार को विरोध मार्च निकालेगा। इसकी शुरूआत मंदिर से होगी जिसमें मिशनरी इस्कॉन मंडली के सदस्य और अन्य भाग लेंगे।
मंदिर से शुरू हुआ मार्च दब्बड पार्क पर खत्म होगा। इस दौरान मार्च में शामिल लोग बांग्लादेश हिंसा के मामले को लेकर शांतिपूर्वक रोष प्रकट करेंगे। इस्कॉन के सदस्य सुदर्शन दास ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों में नोआखली शहर के इस्कॉन मंदिर में 16 अक्तूबर को भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की, और एक भक्त की हत्या भी की। इससे पहले दुर्गा पूजा पंडाल को भी तोड़ा गया। इसको लेकर 150 देशों में लगभग 700 इस्कॉन मंदिरों में विरोध किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उधमपुर में निकाला जाने वाला विरोध मार्च भी इन्हीं प्रदर्शनों का एक हिस्सा है। जिसमें बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों के लिए न्याय और मंदिरों की रक्षा की मांग उठाई गई है। बांग्लादेश सरकार से आग्रह है कि तत्काल प्रभावित अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाए। भारत सरकार से भी अनुरोध है कि पड़ोसी देशों में अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करे।
-----
कुरान के अपमान का आरोप लगाकर हुई घटनाएं
13 अक्तूबर को कर्निला में एक पूजा मंडप में कुरान का अपमान करने के आरोपों के बाद 10 दिनों में बांग्लादेश में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया है। इससे देश भर के कई इलाकों में हिंसा शुरू हो गई है। 13 अक्तूबर को चांदपुर के हाजीगंज में पूजा स्थलों पर हमले के दौरान पुलिस की गोलीबारी में कम से कम चार लोग मारे गए थे। हिंदू मंदिर पर नोआखलिस चौमुलैन हमले में 15 अक्तूबर को दो लोगों की मौत हो गई थी।