उधमपुर। सरकारी महिला कॉलेज के गणित विभाग ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत गणित का महत्व विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया। कॉलेज की प्रधानाचार्या प्रो. मीनू महाजन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सौ से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरूआत विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार के औपचारिक स्वागत भाषण के साथ हुई। जहां उन्होंने विद्यार्थियों को कॉलेज की उपलब्धियों के बारे में बताया, और उन्हें समय-समय पर कॉलेज में आयोजित होने वाले इस तरह के वेबिनार व सेमिनार में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं, प्राचार्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विभाग को इस तरह के कार्यक्रम को निकट भविष्य में भी आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में बतौर संसाधन व्यक्ति उपस्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में गणित के सहायक प्रो. डॉ. पविंदर सिंह ने भी करीब एक घंटे तक संबंधित विषय पर व्याख्यान दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में गणित के महत्व और गणित में फील्ड्स मेडल, एबल्ज पुरस्कार, शांति स्वरूप भटनागर अवार्ड जैसे विभिन्न पुरस्कारों के बारे में बताया। इसके अलावा, उन्होंने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की अच्छी किताबें पढ़कर गणित सीखने के लिए भी प्रेरित किया। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बातचीत कर उनमें गणित सीखने की भावना पैदा करने का प्रयास किया।