जयपुर से माउंट आबू गए एक एजूकेशनल ट्यूर के दौरान कॉलेज के एक लेक्चरर ने हदें पार कर दी। उसने इसी कॉलेज की एक 22 वर्षीया छात्रा को देर रात कमरे में किसी बहाने बुलाया और उससे दुष्कर्म किया। मोबाइल फोन से उसका वीडियो भी बना लिया।
माउंटआबू उपाधीक्षक विजयपाल सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिनेश गुर्जर मूल रुप से फागी तहसील के गांव रेता का रहने वाला है। वह जवाहर सर्किल सिद्दार्थ नगर स्थित एक निजी कॉलेज में लेक्चरर है। गत 28 जनवरी को कॉलेज का एक एजुकेशन ट्यूर माउंट आबू गया था। जहां 26 वर्षीय आरोपी लेक्चरर दिनेश ने 22 वर्षीया छात्रा को बहाना कर कमरे में बुलाया। छात्रा का आरोप है कि दिनेश ने उसे नशीला पेय पिलाकर दुष्कर्म किया। होश में आने पर मोबाइल पर वीडियो क्लिपिंग बनाने की बात कहकर धमकाया।
ट्यूर से लौटते वक्त ही छात्रा ने पति को इसकी जानकारी दे दी। तब पीड़िता और उनका पति ने माउंटआबू पहुंच कर एसटीएससी एक्ट व दुष्कर्म में मुकदमा दर्ज करवाया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
अब चार दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी
rape case
- फोटो : Demo pic
केस की जांच तत्कालीन सीओ माउंटआबू प्रीती कंकाणी को सौंपी गई। कई दिनों तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता और उसके पति ने राज्य महिला आयोग, मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस मुख्यालय के चक्कर लगाकर लेक्चरर की गिरफ्तारी की मांग की। लेकिन आरोपी दिनेश का पता नहीं चला।
अब केस की तफ्तीश कर रहे सीओ विजयपाल सिंह संधू को दिनेश के जयपुर में होने का पता चला। तब सांगानेर थानाप्रभारी शिवरतन गोदारा और उनकी टीम के सहयोग से माउंटआबू पुलिस ने दिनेश को बुधवार देर रात को पकड़ लिया। पुलिस ने गुरुवार को माउंटआबू की कोर्ट में पेशकर दिनेश को चार दिन के रिमांड पर लिया है।