टाटा मोटर्स के प्लांट में जनरल एमएम नरवणे
- फोटो : एएनआई
भारतीय सेना के प्रमुख जनरल एमएम नरवणे इस समय पुणे और गोवा में दक्षिणी कमांड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को पुणे यात्रा के दौरान उन्होंने पिंपरी स्थित टाटा मोटर्स के प्लांट गए। यहां उन्होंने यात्री और व्यावसायिक वाहनों व इंजीनियरिंग रिसर्च सेंटर की असेंबली लाइन के कार्य देखे। बता दें कि इस दौरान जीनॉन, एडब्ल्यूडी (4x4) ट्रूप कैरियर, हल्के बुलेटप्रूफ वाहन व युद्धक वाहन, माइन प्रोटेक्टेड वाहन और आर्मर्ड एम्फिबियस प्लेटफॉर्म एडब्ल्यूडी (8x8) को प्रदर्शन के लिए रखा गया था।
इसके बाद जनरल नरवणे ने पुणे के पास तालेगांव में स्थित लार्सेन एंड ट्यूब्रो (एलएंडटी) के स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स (एसएससी) का दौरा भी किया। यहा उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए कंपनी की उत्पादन सुविधाओं को देखा। उन्हें सेना के साथ एलएंडटी के विभिन्न रक्षा संबंधी कार्यक्रमों और जुड़ावों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने रक्षा निर्माण में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में दोनों स्वदेशी निर्माताओं के प्रयासों की सराहना की। कल जनरल नरवणे गोवा में आईएनएस हंसा जाएंगे।