ऊना। शहर में डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना के तहत सफाई कर्मचारियों को घरों का कूड़ा न देने पर बीते दो माह में 100 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिस में दुकानदार और घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं।
नगर परिषद ने इन लोगों पर घरों और दुकानों का कूड़ा गारबेज कलेक्शन योजना में बार-बार अपील करने के बावजूद कूड़ा न देने पर यह कार्रवाई की गई है। नप ने साफ किया है कि अगर उक्त लोग कूड़ा नहीं देते तो उनके बिजली पानी कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
नगर परिषद की तरफ से शुरू की गई डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना को मजबूती के लिए गंदगी फैलाने वालों पर लगाम कसने के लिए नगर परिषद सख्त रवैया अपना रही है। ऊना में कुछ माह पूर्व ही डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना को सख्ती से लागू किया है। इसके बावजूद अभी भी कुछ लोग सफाई कर्मचारियों को कूड़ा नहीं दे रहे हैं। इससे शहर में कई स्थानों पर गंदगी फैल रही है। कुछ मामलों में लोग कूड़ा तो कर्मियों को दे रहे हैं, लेकिन शुल्क नहीं दे रहे हैं।
इस संबंध में सेनेटरी इंस्पेक्टर आशुतोष ने बताया कि बीते दो माह में डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना में सहयोग न देने पर 100 नोटिस जारी किए हैं। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।