अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। निकटवर्ती बहड़ाला गांव में एचआरटीसी की बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति को लोगों की मदद से उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ऊना में कांगड़ा के शाहपुर थाना के केरी गांव के अभिनव ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह साथी राजिंद्र और बलवीर सिंह के साथ कार में शाहपुर से मोहाली जा रहा था। बहडाला गांव के पास उनकी गाड़ी को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस दौरान दोनों कार चालकों में बहस हो गई। इसके बाद वे गाड़ी से बाहर निकल गए। इस दौरान सड़क पर खड़े उनके साथी बलवीर को एक एचआरटीसी की बस ने टक्कर मार दी। इससे बलवीर को चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस चालक नंगल तरफ चला गया। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।