मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में भिड़े प्रशिक्षु डॉक्टर
छुड़वाने गए सुरक्षा कर्मचारी पर किया हमला
सीनियर और जूनियर प्रशिक्षुओं के झगड़े को रोकने गए थे सुरक्षाकर्मी
सीनियर प्रशिक्षुओं ने मारी बीयर की बोतल, सिर और नाक पर आई चोट
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। एमएमयू मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में सोमवार देर रात सीनियर और जूनियर प्रशिक्षु डॉक्टरों के बीच हुए झगड़े में सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है। सीनियर प्रशिक्षुओं पर सुरक्षाकर्मी के सिर पर बीयर की बोतल से वार करने का आरोप है। पुलिस ने सुरक्षा कर्मी की शिकायत के आधार पर पांच सीनियर प्रशिक्षु डॉक्टरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुरक्षाकर्मी जसविंद्र पुत्र जयपाल ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात को उसकी ड्यूटी 8 बजे से सुबह तक चेक पोस्ट गेट पर थी। इसके साथ दूसरा सुरक्षाकर्मी महेश भी ड्यूटी पर था। रात करीब 11 बजे इनके सुपरवाइजर वीरेंद्र सिंह ने फोन पर बताया कि मेडिकल कॉलेज के ब्वॉयज हॉस्टल के छात्रों की आपस में लड़ाई हो रही है। इस पर ये दोनों हॉस्टल पंहुचे। जहां वरिष्ठ एमबीबीएस के छात्र कनिष्ठ छात्रों के साथ झगड़ा कर रहे थे। वे और अन्य सुरक्षाकर्मी हॉस्टल के अंदर दाखिल हो गए और आपस में झगड़ रहे छात्रों को छुड़वाने की कोशिश करने लगे। तभी एमबीबीएस के वरिष्ठ छात्र सौरभ सिंघल, गौरव गोयल, अमीर मलिक, धीरज बंसल और सुरेश कुमार ने इकट्ठे होकर उसके ऊपर हमला कर दिया। इनमें से एक छात्र सुरेश कुमार ने इसके ऊपर बीयर की बोतल से प्रहार कर दिया, जो इसके नाक के पास लगी। मारपीट के दौरान पीड़ित के दाहिनी बाजू पर चोट आई है। मारपीट के दौरान सभी सीनियर छात्रों ने घायल सुरक्षा कर्मी को जान से मारने की भी धमकी दी और वहां से चले गए। पुलिस ने पीड़ित सुरक्षाकर्मी के बयानों के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 147, 149, 323 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। उधर, मेडिकल कॉलेज रजिस्ट्रार अजय सिंघल का कहना है कि छात्रों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उन्होंने इस मामले में रैगिंग होने से साफ इंकार किया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।